प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नाम से कई योजनाएं चलाई हुई हैं। मगर स्वयं वह नाथूराम गोडसे की विचारधारा से संबंध रखते हैं। 26 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की जनता को संबोधित करते हुए एकता और अखंडता पर बल दिया। उसके 2 दिन बाद उनके मंत्री अनुराग ठाकुर द्वारा दिल्ली की एक जनसभा में देश के लोगों को भडक़ाते हुये कहा कि गोली मारो गद्दारों को। यह उद्गार हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने नाहन में आयोजित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के शहीदी दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय एकता सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहे।
कुलदीप राठौर ने एकता सम्मेलन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। कुलदीप राठौर ने आरोप लगाया कि भाजपा धर्म के नाम पर राजनीति कर लोगों को बांट रही है। जिसका जीता जागता उदाहरण दिल्ली चुनाव में देखा गया। हिमाचल प्रदेश के लोगों को शांत प्रिय कहा जाता है। मगर अनुराग ठाकुर ने दिल्ली में ऐसा बयान देकर प्रदेश की छवि को भी दागदार किया है। जिस पर चुनाव आयोग ने कड़ा संज्ञान लिया और अनुराग ठाकुर को चुनाव प्रचार से हटा दिया। वही प्रधानमंत्री को भी अनुराग ठाकुर को तत्काल पद से हटाना चाहिए। कुलदीप राठौर ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार सरकारी उपक्रमों को बेचने पर उतारू है। केंद्र सरकार ने दबाव बनाकर भारतीय रिजर्व बैंक से 176 हजार करोड़ रुपए छीने है। डॉ. मनमोहन सिंह के कार्यकाल में भी आर्थिक मंदी आई थी। मगर उन्होंने एक भी नौकरी नहीं जाने दी। वहीं भाजपा ने साढ़े 5 वर्षों में 4 करोड़ लोगों का रोजगार छीन लिया है।
कुलदीप राठौर ने कहा कि इस समय प्रश्न यह नहीं है कि कांग्रेस को कैसे सत्ता में लाना है। प्रश्न यह है कि देश की एकता और अखंडता को कैसे बनाए रखना है। हिमाचल प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर प्रदेश को चलाने में नाकाम साबित हो रहे है। पिछले 2 वर्षों में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के कार्यकाल की योजनाओं के लोकार्पण ही किये जा रहे है। उन्होंने डॉ. राजीव बिंदल पर कटाक्ष करते हुए कहा कि डॉ. बिंदल ऐसे विधानसभा अध्यक्ष रहे हैं, जिन्हें विस अध्यक्ष रहते हुये चुनाव आयोग ने नोटिस दिया है। कांग्रेस से भी विधानसभा अध्यक्ष रहे हैं, मगर उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष रहते हुए कभी पार्टी का प्रचार नहीं किया।
पच्छाद के उपचुनाव में डॉक्टर राजीव बिंदल ने जिस तरह भाजपा का प्रचार किया, वह किसी से छुपा नहीं है। कुलदीप राठौर ने कहा कि वह प्रदेश कार्यालय से बाहर निकलकर प्रत्येक जिला मुख्यालय व बूथ स्तर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं के कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। ताकि बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को भी कांग्रेस के नेताओं के बारे में जानकारी मिल सके और कांग्रेस को बूथ स्तर पर मजबूत किया जा सके। इस राज्य स्तरीय एकता सम्मेलन में विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री कुछ समय के लिए आये और दीप प्रज्वलित कर चले गए। कार्यकर्ताओं को पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर, शिलाई के विधायक हर्षवर्धन चौहान, श्रीरेणुकाजी के विधायक विनय कुमार, पुर्व विधायक अजय बहादुर, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष इकबाल मोहम्मद, जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय सोलंकी, अवनीत सिंह लाम्बा सहित जिला भर से भारी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे थे।











