ADVERTISEMENT

Sirmour: शव लेकर जा रही बोलेरो कैंपर जीप गहरी खाई में गिरी, 4 की मौत; 9 घायल, इलाके में शोक की लहर

Khabron wala 

हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में दर्दनाक हादसा हुआ है। जिले के संगड़ाह क्षेत्र में गतलोग के पास मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि वाहन चालक समेत 9 लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब एक बोलेरो कैंपर में एक मृतक का शव अंतिम संस्कार के लिए गांव अरलू ले जाया जा रहा था। गतलोग के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और बोलेरो जीप पलटियां खाते हुए खाई में जा गिरी।

पुलिस के अनुसार, सुनिल शर्मा निवासी चिनाड ने बताया कि 11 अगस्त को उसके ताऊ जगदीश शर्मा को दिल का दौरा पड़ने के बाद संगड़ाह अस्पताल लाया गया था, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार ने शव को गांव ले जाने के लिए बोलेरो कैंपर नंबर HP 79-4595 किराये पर ली। वाहन को कपिल देव निवासी डूंगी चला रहा था।

एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि जब वाहन चिनाड के पास पहुंचा तो अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए परिवार और गांव के कुछ अन्य लोग भी उसमें सवार हो गए। इसके बाद वाहन शव को लेकर अरलू की ओर रवाना हुआ। रात करीब 12:45 बजे गतलोग के पास पहुंचते ही चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। बोलेरो कैंपर जीप सड़क से करीब 50 मीटर नीचे जा गिरी।

हादसे में इन 4 लोगों की मौत

हादसे में राजेंद्र (37) पुत्र नूपा राम निवासी अरलू, देशराज (23) पुत्र प्रेम सिंह निवासी अरलू, रिखी राम (58) पुत्र जागर सिंह निवासी चिनाड और राम गोपाल (62) पुत्र गंगाराम निवासी चिनाड की मौत हो गई।

9 लोग घायल, 4 की हालत गंभीर

हादसे में बृज मोहन (62) पुत्र कंठी राम निवासी, कृपा राम (61) पुत्र गंगाराम निवासी चिनाड, देवेंद्र सिंह (44) पुत्र हेमचंद निवासी चिनाड, सुनिल शर्मा (21) पुत्र राम स्वरूप निवासी चिनाड, राम स्वरूप (44) पुत्र दिलीप सिंह निवासी अरलू, जय प्रकाश (45) पुत्र दयाराम निवासी चिनाड, संदीप (21) पुत्र कमल निवासी अरलू, कमलेन्द्र (48) पुत्र रामानंद निवासी चिनाड और वाहन चालक कपिल देव (39) पुत्र वीरेंद्र निवासी डुंगी घायल हुए हैं।

इनमें कमलेन्द्र, संदीप, राम स्वरूप और चालक कपिल देव को अधिक चोटें आई हैं। चिकित्सकों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद उच्चतर चिकित्सा संस्थान के लिए रेफर किया है। अन्य घायल संगड़ाह अस्पताल में उपचाराधीन हैं।

CHC संगड़ाह में पोस्टमार्टम

एसपी सिरमौर ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्रवाई शुरू की। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संगड़ाह लाया गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!