ADVERTISEMENT

पेशी के दौरान कोर्ट से भागा चिट्टे का आरोपी; बस स्टैंड पर दबोचा, 2 पुलिसकर्मी सस्पैंड

Khabron wala 

जिला न्यायालय परिसर में सुरक्षा चूक और एक विचाराधीन आरोपी के भागने के मामले में पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। ड्यूटी में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए पुलिस विभाग ने दो पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही, फरार हुए आरोपी को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही दूरी से दोबारा गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना बीते मंगलवार की है। स्वारघाट पुलिस चिट्टे की तस्करी के मामले में संलिप्त एक आरोपी को जिला मुख्यालय स्थित न्यायालय में पेशी के लिए लेकर आई थी। पेशी की प्रक्रिया के दौरान ही आरोपी ने सुरक्षा में हुई चूक का फायदा उठाया और न्यायालय परिसर की पहली मंजिल से छलांग लगाकर फरार हो गया। आरोपी के भागते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और तुरंत सर्च ऑप्रेशन शुरू किया गया। पुलिस टीमों ने तत्परता दिखाते हुए इलाके की घेराबंदी की और कड़ी मशक्कत के बाद फरार आरोपी को कोर्ट परिसर से कुछ ही दूरी पर स्थित बस स्टैंड के समीप से दबोच लिया।

भले ही आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया हो, लेकिन पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा में हुई इस चूक को बेहद गंभीरता से लिया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि ड्यूटी के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रथम दृष्टया कोताही पाए जाने पर संबंधित दोनों पुलिसकर्मियों को सस्पैंड कर दिया गया है। फिलहाल, पुलिस इस पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर रही है और मामले में आगामी वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *