कालाअंब के एक उद्योग में डाई मशीन की चपेट में आने से कामगार युवक की मौके पर ही मौत हो गई है। मृतक की पहचान हरियाणा के नारायणगढ़ निवासी 21 वर्षीय मुकुल कुमार के तौर पर की गई है। पुलिस ने मेडिकल कालेज नाहन में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
जानकारी के मुताबिक मुकुल कुमार कालाअंब के एक गत्ता उद्योग में कार्यरत था। बताया जा रहा है कि सोमवार रात वह डाई पंचिंग मशीन पर कार्य कर रहा था। इस दौरान अचानक ही वह डाई मशीन की चपेट में आ गया। हादसे के बाद कामगारो ने इसकी सूचना उद्योग प्रबंधन को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन भिजवाया। मामले की पुष्टि एसपी अजय कृष्ण शर्मा ने की है।











