हिमाचल प्रदेश के कुलगांव में एक नवनिर्मित मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दौरान हुई गोलीबारी में 26 वर्षीय महिला की मौत के मामले में मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह घटना रविवार को उस समय हुई जब समारोह में लोग नृत्य कर रहे थे और इसी दौरान आरोपी ने गोली चला दी। प्रथम दृष्टया यह जश्न में की गई गोलीबारी का मामला प्रतीत होता है। गोली रोहड़ू के चिड़गांव की निवासी रितिका बेतिया ऊर्फ गुड़िया को लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
शिमला के उपायुक्त अनुपम कश्यप ने इस घटना की जांच के आदेश दिए हैं और अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा को जांच अधिकारी नियुक्त किया है। उपायुक्त ने अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट को इस मामले में आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई सुझाने के भी निर्देश दिए हैं। अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट को सात दिन के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है।









