ADVERTISEMENT

शिमला में पार्टी ड्रग और चिट्टे की सप्लाई का पर्दाफाश, चंडीगढ़ के तस्कर समेत 2 गिरफ्तार

Khabron wala 

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान कड़ाई से जारी है। ताजा मामले में शिमला पुलिस ने संजौली क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 24 ग्राम चिट्टा और लगभग 7 ग्राम एमडीएमए ड्रग बरामद किया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार संजौली पुलिस थाने की एक टीम लक्ष्मी नारायण मंदिर के समीप गश्त पर तैनात थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि बातीश कॉलोनी के आसपास दो व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में घूम रहे हैं और वे चिट्टा व अन्य नशीले पदार्थ बेचने की फिराक में हैं। सूचना को पुख्ता मानते हुए पुलिस टीम ने तुरंत बातीश कॉलोनी का रुख किया और दोनों संदिग्धों को रोक लिया। मौके पर जब उनके बैग की तलाशी ली गई, तो उसमें से प्रतिबंधित नशा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 45 वर्षीय बलदेव सिंह निवासी मकान नंबर-3037/2, सैक्टर 41-डी, बढ़ेड़ी, चंडीगढ़ और 23 वर्षीय साहिल निवासी गांव देवग, डाकघर देवला, तहसील सुन्नी व जिला शिमला के रूप में हुई है।

शिमला में पार्टी ड्रग MDMA की बरामदगी से बढ़ी चिंता

इस मामले में पुलिस ने चिट्टे के साथ-साथ एमडीएमए भी बरामद किया है, जिसका पूरा नाम मिथाइलेनेडियोक्सीमेथैम्फेटामाइन है। आम बोलचाल की भाषा में इसे एक्स्टसी या मॉली कहा जाता है। यह एक लैब में तैयार किया जाने वाला खतरनाक सिंथैटिक नशीला पदार्थ है, जिसे मुख्य रूप से बड़े शहरों में पार्टी ड्रग या क्लब ड्रग के रूप में इस्तेमाल किया जाता है। शिमला जैसे शांत शहर में इस पार्टी ड्रग की बरामदगी ने पुलिस की चिंताएं बढ़ा दी हैं।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, नैटवर्क खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने मादक पदार्थों को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके खिलाफ पुलिस थाना संजौली में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अब रिमांड के दौरान आरोपियों से सख्ती से पूछताछ करेगी कि वे यह पार्टी ड्रग और चिट्टा कहां से लाए थे और शिमला में इसे किन लोगों को सप्लाई किया जाना था।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *