Khabron wala
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहां पर एक पिकअप गाड़ी गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में गाड़ी सवार 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, हादसा जिले के सुंदरनगर उपमंडल के रोहांडा चौकी के पास हुआ। मृतक की पहचान दुमट बैहली पंचायत निवासी संजू (22 वर्षीय), पुत्र घनश्याम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वे रात के समय पंजाब में सब्जी की ढुलाई करके लौट रहे थे, तभी रोहांडा और चौकी के बीच कुपड़ी धार के पास पिकअप सड़क से नीचे गहरी खाई में लुढ़क गई। इस हादसे में गाड़ी सवार संजू की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है।
जांच में जुटी पुलिस
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घायल की पहचान धर्मेंद्र के रूप में हुई है। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। डीएसपी भारत भूषण ने मामले की पुष्टि की है।









