( जसवीर सिंह हंस ) हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजय करोल की पहल पर 12 मई, 2018 को कालका-शिमला विश्व धरोहर रेलमार्ग की सफाई के लिए वृहद स्तर पर स्वच्छता अभियान कार्यान्वित किया जाएगा। यह जानकारी आज यहां जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, सोलन के सचिव मोहित बंसल ने दी। उन्होंने कहा कि सोलन से अभियान का शुभारंभ जिला एवं सत्र न्यायाधीश सोलन भूपेश शर्मा करेंगे।
मोहित बंसल ने कहा कि 12 मई, 2018 को ‘‘वॉक द ट्रैक’’ आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत कालका-शिमला रेलमार्ग पर न केवल कूड़ा-कचरा साफ किया जाएगा अपितु लोगों को पर्यावरण सुरक्षा एवं संरक्षण के प्रति जागरूक भी बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता के लिए कालका-शिमला रेलमार्ग को 43 खंडों में विभाजित किया गया है। इस रेलमार्ग का 67 किलोमीटर हिस्सा सोलन जिले से होकर गुजरता है। सोलन जिले में इन 43 खंडों में से 32 खंड बनाए गए हैं। हर खंड के तहत लगभग 2 किलोमीटर रेलमार्ग की सफाई सुनिश्चित बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान के सुनियोजित संचालन के लिए 32 समूह गठित किए गए हैं। इन समूहों में न्यायपालिका, जिला प्रशासन, विभिन्न विद्यालयों के अध्यापक, छात्र, स्वयंसेवी समूह, महिला मंडल, युवक मंडल, प्रादेशिक सेना, पुलिस, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, वन, सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग तथा रेल विभाग एवं आमजन जोड़े गए हैं।
मोहित बंसल ने कहा कि सभी समूहों को सफाई के लिए आवश्यक उपकरण उपलब्ध करवाएं जाएंगे। सुरक्षा की दृष्टि से सभी समूहों को निर्देश दिए गए हैं कि वे सफाई करते समय सुरंगों में एवं पुलों पर से नहीं गुजरेंगे। सभी समूह प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे सुरक्षा की दृष्टि से सभी उपाय सुनिश्चित बनाएं।
उन्होंने कहा कि एकत्रित किए गए कूड़े-कचरे के समुचित निपटान के भी प्रबंध किए गए हैं। इस दिशा में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सोलन जिले में लगभग 5000 अधिकारी, छात्र एवं स्वयंसेवी समूह अभियान में भाग लेंगे। अभियान की सफलता के दृष्टिगत आज विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के विषय में पूर्ण जानकारी एवं दिशा-निर्देश जारी किए गए।