Khabron wala
हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक ने डिजिटल बैंकिंग की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए अपनी पूरी बैंकिंग प्रणाली को विश्वस्तरीय फिनैकल (Finacle) कोर बैंकिंग प्लेटफॉर्म पर सफलतापूर्वक स्थानांतरित कर दिया है। इस तकनीकी बदलाव के साथ ही प्रदेशभर की 262 शाखाओं में बैंकिंग सेवाएं पहले से अधिक तेज, सुरक्षित, पारदर्शी और आधुनिक हो जाएंगी. अब ग्राहकों को लेन-देन, डिजिटल भुगतान, इंटरनेट और मोबाइल बैंकिंग जैसी सुविधाओं का बेहतर अनुभव मिलेगा.
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इसे बैंक के इतिहास की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह बदलाव ग्राहकों की सुविधा बढ़ाने के साथ प्रदेश में डिजिटल बैंकिंग को भी नई गति देगा. हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक ने अपनी बैंकिंग प्रणाली को विश्वस्तरीय फिनैकल बैंकिंग सिस्टम पर सफलतापूर्वक ट्रांसफर किया है. ये बैंक के लिए एक ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है. नई तकनीक लागू होने से प्रदेशभर की 262 शाखाओं के माध्यम से ग्राहकों को पहले की तुलना में तेज, सुरक्षित, पारदर्शी और आधुनिक बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध होंगी.
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि डिजिटल बैंकिंग के इस नए दौर में हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक नई ऊंचाइयों को छुएगा और प्रदेशवासियों को बेहतर सेवाएं देने के साथ-साथ राज्य की आर्थिक प्रगति में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. उन्होंने इस उपलब्धि पर बैंक के अध्यक्ष देवेंद्र श्याम, निदेशक मंडल, प्रबंधन, अधिकारियों, कर्मचारियों और सभी ग्राहकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं. बता दे कि हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक अपनी शाखाओं के विस्तृत नेटवर्क और करीब 20,793 करोड़ रुपये की परिसंपत्तियों के साथ बैंक का दायरा लगातार बढ़ा है. बैंक में लगभग 15,988 करोड़ रुपये की जमा राशि है, जबकि किसानों, कर्मचारियों, कारोबारियों और आम उपभोक्ताओं को दिए गए 10,470 करोड़ रुपये के ऋण प्रदेश की आर्थिक गतिविधियों को गति दे रहे हैं.
क्या है फिनैकल, जिससे बदलेगी बैंकिंग की तस्वीर
फिनैकल (Finacle) एक अत्याधुनिक कोर बैंकिंग सॉल्यूशन (Core Banking Solution-CBS) है, जिसे Infosys Finacle ने विकसित किया है. इसे दुनिया के कई बड़े बैंक अपनी बैंकिंग सेवाओं के संचालन के लिए इस्तेमाल करते हैं. यही वो प्लेटफॉर्म है, जिस पर बैंक की लगभग सभी प्रमुख सेवाएं संचालित होती हैं. फिनैकल के माध्यम से बचत और चालू खातों का संचालन, नकद जमा और निकासी, ऋण प्रबंधन, फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी), इंटरनेट और मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई, एनईएफटी, आरटीजीएस और आईएमपीएस जैसी डिजिटल भुगतान सेवाएं संचालित होती हैं. इसके अलावा ग्राहक रिकॉर्ड का सुरक्षित प्रबंधन और सभी शाखाओं के बीच रियल-टाइम लेन-देन भी इसी प्रणाली के जरिए संभव होता है.
विशेषज्ञों के अनुसार, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक द्वारा फिनैकल को अपनाने का अर्थ है कि बैंक ने अपने पुराने बैंकिंग सिस्टम को आधुनिक और उन्नत कोर बैंकिंग प्लेटफॉर्म से बदल दिया है. इससे बैंक का संचालन अधिक कुशल होगा, साइबर सुरक्षा मजबूत होगी और ग्राहकों को पहले से कहीं अधिक तेज, भरोसेमंद और सुविधाजनक डिजिटल बैंकिंग सेवाएं मिल सकेंगी. सरल शब्दों में कहें तो फिनैकल बैंक का वह ऑपरेटिंग सिस्टम है, जिस पर उसकी लगभग पूरी बैंकिंग व्यवस्था संचालित होती है.


