Khabron wala
बिलासपुर जिले के घुमारवीं उपमंडल से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। यहां घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के अंतिम छोर पर स्थित एक पंचायत में 13 वर्षीय किशोर ने फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। महज 13 साल की उम्र में 7वीं कक्षा के छात्र द्वारा इतना खौफनाक कदम उठाए जाने से परिवार सदमे में है और पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हृदयविदारक घटना बीते सोमवार शाम की है। किशोर अपने कमरे में अकेला था। जब काफी देर तक हलचल नहीं हुई, तो परिजनों ने कमरे में जाकर देखा। वहां का मंजर देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई, किशोर फंदे से लटका हुआ था। परिजनों ने आनन-फानन में उसे फंदे से उतारा और तुरंत इलाज के लिए सिविल अस्पताल घुमारवीं ले गए। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने किशोर को मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। मंगलवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के हवाले कर दिया है। इस घटना में सबसे बड़ी हैरानी की बात यह है कि पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। एक 13 साल के हंसते-खेलते बच्चे ने आत्महत्या जैसा खौफनाक कदम क्यों उठाया, इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
इस दर्दनाक घटना की पुष्टि करते हुए घुमारवीं के डीएसपी विशाल वर्मा ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया है और वहां से जरूरी साक्ष्य जुटा लिए हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।










