Khabron wala
हिमाचल प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बद्दी पुलिस के हाथ एक बड़ी कामयाबी लगी है। पुलिस की विशेष एक्स सैल टीम ने एक अंतर्राज्यीय चिट्टा तस्कर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सप्लायर समेत तीन मुख्य आरोपियों को दबोच लिया है। यह गिरोह मोटरसाइकिल रिपेयरिंग की आड़ में नशे का काला कारोबार चला रहा था।
पुलिस को गुप्त सूत्रों से पक्की जानकारी मिली थी कि नालागढ़-दभोटा रोड पर स्थित राजपुरा गांव में एक बाइक रिपेयर की दुकान से नशे की सप्लाई हो रही है। इसी सूचना पर तुरंत एक्शन लेते हुए पुलिस टीम ने एक फूलप्रूफ योजना बनाई और मौके पर दबिश दी। तलाशी के दौरान तस्करों की चालाकी भी धरी रह गई। पुलिस ने ऑल्टो कार ( HP 12D-7078) के स्टीयरिंग कवर के ठीक नीचे छिपाकर रखा गया 24.94 ग्राम और दुकान के अंदर से 11.20 ग्राम चिट्टा बरामद किया। कुल मिलाकर मौके से 36.14 ग्राम चिट्टा जब्त किया गया। इसके अलावा नशे को तौलने वाले 2 डिजिटल तराजू और 49,500 रुपए की ड्रग मनी भी बरामद की गई है।
पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। इनकी पहचान पवनवीर सिंह निवासी शाहपुर बेला, जिला रोपड़ (पंजाब), सतपाल सिंह निवासी गागूवाल, नालागढ़ (हिमाचल) और राजीव कुमार निवासी ढांग उपरली, नालागढ़ (हिमाचल) के रूप में की गई है।
बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही पुलिस : एसपी
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि नालागढ़ पुलिस स्टेशन में तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की सख्त धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। एसपी ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि बद्दी पुलिस अब इस ड्रग नैटवर्क की जड़ों तक पहुंचने के लिए बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है। यह नशा कहां से आ रहा था और किसे सप्लाई होना था, इसकी गहन जांच जारी है। इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों को भी जल्द ही सलाखों के पीछे डाला जाएगा। बद्दी पुलिस की इस त्वरित और सफल कार्रवाई से इलाके के ड्रग माफियाओं में हड़कंप मच गया है।











