ADVERTISEMENT

21 और 22 जनवरी को हिमाचल की हर पंचायत में होगा ये बड़ा काम, CM सुक्खू ने जारी किए सख्त निर्देश

Khabron wala 

प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में 21 व 22 जनवरी को एंटी चिट्टा ग्राम सभा आयोजित की जाएंगी। इन ग्राम सभाओं में चिट्टा से संबंधित विभिन्न सूचनाओं की समीक्षा, चिट्टा की लत में फंसे स्थानीय युवाओं के पुनर्वास सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा और कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सचिवालय में आयोजित वरिष्ठ अधिकारियों की एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि एंटी चिट्टा ग्राम सभाओं में अन्य विभागों के अधिकारी पर्यवेक्षक के रूप में तैनात किए जाएंगे। ग्राम सभा में चिट्टा से संबंधित पंचायत की संपूर्ण मैपिंग की जाएगी।

प्रीमियर लीग की तर्ज पर आयोजित होंगे एंटी चिट्टा अवेयरनैस स्पोर्ट्स टूर्नामैंट

मुख्यमंत्री ने कहा कि चिट्टा के दुष्प्रभावों से लोगों को जागरूक करने के लिए प्रदेश व्यापी जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में प्रदेशभर में प्रीमियर लीग की तर्ज पर एंटी चिट्टा अवेयरनैस स्पोर्ट्स टूर्नामैंट आयोजित किए जाएंगे। इन टूर्नामैंट में कबड्डी, क्रिकेट और वॉलीबॉल की स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। ये टूर्नामैंट ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर आयोजित किए जाएंगे। विजेता टीमों को मुख्यमंत्री द्वारा ईनाम राशि भी प्रदान की जाएगी।

चिट्टा तस्करों की संपत्तियों की हुई पहचान

मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि चिट्टा तस्करी और सप्लाई की चेन को तोड़ने के लिए बहुआयामी रणनीति अपनाई जा रही है। चिट्टा तस्करों की संपत्तियों की पहचान कर ली गई है। इन संपत्तियों को ध्वस्त कर दिया जाएगा। बैठक में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार राम सुभग सिंह, मुख्य सचिव संजय गुप्ता, अतिरिक्त मुख्य सचिव केके पंत, मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर, सचिव सी. पालरासु, महाधिवक्ता अनूप रतन, निदेशक ग्रामीण विकास राघव शर्मा और वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

पाठ्य पुस्तकों में अध्याय शामिल करने के निर्देश

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग को चिट्टे के दुष्प्रभावों के संबंध में विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए स्कूल की पाठ्य पुस्तकों में एक अध्याय शामिल करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार चिट्टा के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रही है, जिसमें सभी की सहभागिता आवश्यक है।

पंचायत प्रधान समितियों में होंगे शामिल

सीएम सुक्खू ने पंचायत स्तर पर गठित नशा निवारण समितियों में ग्राम पंचायत प्रधान और समिति सदस्यों को विशेष आमंत्रित सदस्यों में भी शामिल करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चिट्टा के खिलाफ अभियान में एफपीओ और महिला मंडलों को शामिल करने के निर्देश भी दिए।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!