ADVERTISEMENT

पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानों में ओलावृष्टि की चेतावनी

Khabron wala

हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट बदलने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में 8 अप्रैल तक मौसम खराब बना रहेगा। विभाग ने इस अवधि के दौरान ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले इलाकों में भारी बारिश व ओलावृष्टि को लेकर यैलो और ऑरैंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार 3 और 4 अप्रैल को प्रदेश के 10 जिलों (लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर) में स्थिति अधिक चुनौतीपूर्ण रह सकती है।

इन दो दिनों के लिए कई क्षेत्रों में आंधी चलने, बिजली गिरने और ओलावृष्टि का ऑरैंज और यैलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके पश्चात 5 से 8 अप्रैल तक भी आसमान से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है और इस दौरान बिजली कड़कने का यैलो अलर्ट जारी रहेगा। राज्य के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों विशेषकर लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चम्बा के शिखरों पर ताजा बर्फबारी देखने को मिल सकती है। हाल ही में हुई बर्फबारी के कारण इन क्षेत्रों में पहले ही तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे ठंड का असर बढ़ गया है।
सूखे के बाद अब बरस रहे बादल

इस विंटर सीजन में दिसम्बर और जनवरी का अधिकांश समय सूखा रहा था। 22 जनवरी को पहली भारी बर्फबारी हुई, लेकिन फरवरी और मार्च का आधा महीना भी अपेक्षाकृत सूखा ही रहा। हालांकि, 18 मार्च के बाद से मौसम के मिजाज में बड़ा बदलाव आया है और रुक-रुक कर हो रही बारिश-बर्फबारी से तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। मौसम विभाग ने स्थानीय लोगों और विशेषकर ऊंचाई वाले क्षेत्रों की ओर रुख करने वाले पर्यटकों व यात्रियों को अगले कुछ दिनों तक अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

मध्यरात्रि और 7 अप्रैल से सक्रिय हो रहे दो नए पश्चिमी विक्षोभ
गुरुवार को मौसम अधिकांशता साफ व शुष्क बना रहा। नेरी में अधिकतम तापमान 32.9, ऊना में 32.7 व राजधानी शिमला में 23.4 डिग्री रिकार्ड किया गया है, लेकिन मध्यरात्रि से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिससे 3 अप्रैल से बारिश व बर्फबारी के आसार बने हुए हैं, वहीं 7 अप्रैल को फिर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिससे राज्य में 8 अप्रैल तक मौसम पूरी तरह से खराब बना रहेगा।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!