ADVERTISEMENT

हिमाचल में आज रात बदलेगा मौसम, 6 जिलों में येलो अलर्ट, 48 घंटे बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी

Khabron wala

हिमाचल में आज रात से मौसम करवट लेने वाला है. मौसम विभाग के मुताबिक 28 अक्टूबर की रात से प्रदेश में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है, जिसके चलते 29 अक्टूबर से 2 नवंबर तक प्रदेश में बारिश-बर्फबारी हो सकती है. निचले व मैदानी इलाकों में जहां कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. वहीं, किन्नौर, लाहौल-स्पीति और चंबा जिले की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी होने के आसार हैं.

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 29 और 30 अक्टूबर को प्रदेश में बारिश-बर्फबारी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. 29 अक्टूबर को कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिले में कुछ जगहों पर आंधी-तूफान और बिजली चमकने को लेकर येलो अलर्ट है. वहीं, 30 अक्टूबर को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में कई जगहों पर आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है. दो दिन प्रदेश में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है. ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

2 नवंबर तक बारिश का दौर

मौसम विभाग के मुताबिक 31 अक्टूबर को मौसम की रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ जाएगी, जिसके चलते 31 अक्टूबर को प्रदेशभर में कुछ जगहों पर हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है. वहीं, 1 नवंबर को निचले व मैदानी इलाकों में मौसम साफ रहने वाला है, जबकि ऊंचे और मध्यम पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश-बर्फबारी की संभावना है. इसी तरह 2 नवंबर को सिर्फ ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है, बाकी प्रदेश में मौसम साफ रहने वाला है.

न्यूनतम और अधिकतम तापमान

वहीं, पिछले 24 घंटों के दौरान हिमाचल में मौसम साफ रहा है. ऐसे में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कोई बदलाव नहीं आया है. मौसम विभाग के मुताबिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान -02 से 10 °C, मध्यम पर्वतीय इलाकों में 06 से 17 °C और निचले व मैदानी इलाकों में 11 से 18 °C के बीच रहा है. वहीं, बात करें अधिकतम तापमान की तो ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में 10 से 18 °C, मध्य पहाड़ी इलाकों में 21 से 29 °C और निचले व मैदानी इलाकों में 21 से 31.0 °C के बीच दर्ज किया गया है.

ऐसे में जहां हिमाचल में रातें ठंडी हैं तो दिन के समय गर्मी है. इसी के साथ प्रदेश में सर्दियों का आगाज हो गया है. खासकर ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में लोगों ने गर्म कपड़ों का सहारा लेना शुरू कर दिया है. आगामी दिनों में होने वाली बारिश-बर्फबारी से प्रदेश में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने की संभावना है, जिससे ठंड में भी बढ़ोतरी होगी. बर्फबारी के चलते ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लोगों को कनेक्टिविटी की समस्या भी आ सकती है. ऐसे में वाहन चालकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है.

माइनस में लुढ़का तापमान

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में -2.1 °C न्यूनतम तापमान के साथ कुकुमसेरी सबसे ठंडा रहा. इसके अलावा ताबो में 0.2 °C, केलांग में 0.3 °C, कल्पा में 3.6 °C, शिमला में 10.2 °C, सुंदरनगर में 9.8 °C, भुंतर में 8.0 °C, धर्मशाला में 13.4 °C, ऊना में 11.4 °C, नाहन में 13.6 °C, पालमपुर में 10.0 °C, सोलन में 9.0 °C, मनाली में 5.9 °C, कांगड़ा में 11.2 °C, मंडी में 10.9 °C, बिलासपुर में 12.0 °C, जुब्बड़हट्टी में 13.2 °C, कुफरी में 9.6 °C, भरमौर में 11.0 °C, सेउबाग में 7.5 °C, बरठीं में 10.5 °C, पांवटा साहिब में 18.0 °C, सराहन में 17.3 °C, देहरा गोपीपुर में 13.0 °C, नेरी में 15.8 °C और बजौरा में 7.2 °C न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है.

प्रदेश में ऊना रहा सबसे गर्म

वहीं, प्रदेश में 31.0 °C अधिकतम तापमान के साथ ऊना सबसे गर्म रहा, जबकि शिमला में 21.3 °C, सुंदरनगर में 28.8 °C, भुंतर में 28.0 °C, कल्पा में 19.0 °C, धर्मशाला में 28.0 °C, नाहन में 27.0 °C, केलांग में 15.9 °C, पालमपुर में 24.7 °C, सोलन में 26.0 °C, मनाली में 20.5 °C, कांगड़ा में 28.7 °C, मंडी में 28.4 °C, बिलासपुर में 29.5 °C, जुब्बड़हट्टी में 24.2 °C, कुफरी में 16.6 °C, बरठीं में 29.8 °C, ताबो में 16.1 °C, नेरी में 29.3 °C, और बजौरा में 27.2 °C अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है.

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *