Khabron wala
जिला सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब में पुलिस की स्पैशल डिटेक्शन टीम ने ट्रक यूनियन के पास एक टैंपो से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को काबू कर उनके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि गत रात टीम पांवटा साहिब क्षेत्र में गश्त और गुप्त सूचनाएं एकत्र कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि दो युवक एक टैंपो में भारी मात्रा में नशीले कैप्सूल लेकर ट्रक यूनियन के पास खड़े हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर रेड की और संदिग्ध टैंपो की जांच की।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 1104 प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद किए गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना पांवटा साहिब में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान रविकांत उर्फ बंटी निवासी टोका नगला, जामनीवाला, पांवटा साहिब और विकास निवासी मरवह, डाकघर सड़ौली, तहसील बेहट, जिला सहारनपुर (यूपी) के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि पुलिस आगामी कार्रवाई में जुटी है, ताकि पूछताछ के दौरान यह पता लगाया जा सके कि इतनी बड़ी मात्रा में कैप्सूल कहां से लाए थे और इन्हें किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस इस पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के लिए जांच को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने बताया कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।










