ADVERTISEMENT

भाजपा का शिमला में हल्ला बोल, जयराम बोले- नारी शक्ति अपना अपमान सहन नहीं करेगी

Khabron wala

नारी शक्ति वंदन अधिनियम (महिला आरक्षण कानून) के संसद से पारित नहीं होने के विरोध में भाजपा ने महिला जन आक्रोश पदयात्रा के माध्यम से शिमला में हल्ला बोला। इस दौरान प्रदेश भाजपा के बड़े नेताओं ने महिलाओं को आगे करके कांग्रेस के साथ इंडी गठबंधन को घेरा। भाजपा ने चौड़ा मैदान कार्यक्रम के दौरान महिला नेत्रियों को मंच पर बिठाया तथा नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल, प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन व सांसद सुरेश कश्यप व कई वरिष्ठ नेता महिला कार्यकर्त्ताओं के साथ नीचे बैठे। महिला नेत्री व कार्यकर्त्ताओं ने इस मौके पर कांग्रेस सहित इंडी गठबंधन के खिलाफ नारेबाजी करके उनको अधिकारों से वंचित करने का आरोप लगाया।

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि नारी शक्ति अपने अपमान को नहीं सहेगी तथा आने वाले समय में जनता इसका जवाब देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का महिला विरोधी चेहरा पूरी तरह उजागर हो चुका है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने कहा कि नारी शक्ति अपने अधिकारों के लिए खड़ी हो चुकी है। कांग्रेस ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को गिराकर देश की 70 करोड़ महिलाओं के साथ विश्वासघात किया है।

भाजपा विधायक रीना कश्यप ने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाया कि जन आक्रोश महिला पदयात्रा से घबराकर महिलाओं की बसों को रोककर उनकी आवाज दबाने की कोशिश की गई। सोलन से आ रही महिलाओं की बसों को जानबूझकर एक-एक घंटे तक रोका गया, उन्हें बाईपास के रास्तों पर भेजा गया। यह केवल बसें रोकने का मामला नहीं, बल्कि महिलाओं के अधिकारों को कुचलने का प्रयास है।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष डेजी ठाकुर ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक को गिराना लोकतंत्र के लिए काला दिन था। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति अब जाग चुकी है और कांग्रेस के इस रवैये का जवाब सड़कों पर उतरकर लोकतांत्रिक तरीके से दिया जाएगा।

भाजपा प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य ने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण पर कांग्रेस का दोहरा चरित्र उजागर हो गया है। उन्होंने कहा कि यह दर्शाता है कि कांग्रेस केवल नारे देती है, लेकिन जब महिलाओं को अधिकार देने की बात आती है तो पीछे हट जाती है। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रश्मिधर सूद ने कहा कि कांग्रेस, सपा व टीएमसी सभी बेनकाब हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दलों ने महिलाओं के अधिकारों की लड़ाई लड़ने में साथ नहीं दिया।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!