ADVERTISEMENT

Solan: ट्रक से अफीम के डोडे, बस से हैरोइन और कमरे से गांजे की खेप बरामद, 3 तस्कर गिरफ्तार

Khabron wala

हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए सोलन, बद्दी और नालागढ़ क्षेत्र से बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

ट्रक से बरामद हुए 6.102 किलो अफीम के डोडे, राजस्थान निवासी गिरफ्तार
पहले मामले में नालागढ़ के सल्लेवाल में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने सल्लेवाल स्थित पार्किंग में खड़े एक ट्रक की तलाशी ली, जिसमें छिपाकर रखी गई 6.102 किलोग्राम अफीम के सूखे डोडे बरामद किए गए। एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने बताया कि पुलिस ने ट्रक से नशीला पदार्थ बरामद करने के बाद आरोपी मुनाफ अली पुत्र असलम अली निवासी फतेहपुर, तहसील संगरिया, जिला हनुमानगढ़ (राजस्थान) को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच और पूछताछ जारी है।

पंजाब रोडवेज बस में 11.07 ग्राम हैरोइन के साथ युवक काबू
दूसरे मामले में सोलन के समीप शमलेच में पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक बस से नशीले पदार्थ की तस्करी को पकड़ा है। एसपी साई दत्तात्रेय वार्मा ने जानकारी दी कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने पंजाब रोडवेज की एक बस को रोका और उसमें सवार एक युवक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवक के पास से 11.07 ग्राम हैरोइन बरामद की गई। आरोपी की पहचान लोकराज (25) निवासी कुल्लू के रूप में हुई है। आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस जांच कर रही है।

किराए के कमरे से 1.101 किलो गांजा बरामद, नेपाल निवासी गिरफ्तार
तीसरे मामले में बद्दी पुलिस की स्पैशल सैल एक्स टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में गांजा बरामद किया है। टीम ने गांव दखनू माजरा स्थित सनसिटी अपार्टमैंट के एक किराए के कमरे में दबिश दी। तलाशी के दौरान वहां से 1.101 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से आरोपी डेविड सिंह पुत्र भीम बहादुर सिंह निवासी नेपाल, (हाल निवासी सनसिटी अपार्टमैंट, बद्दी) को गिरफ्तार कर लिया है। एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना बद्दी में अभियोग पंजीकृत कर मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!