Khabron wala
पुलिस थाना बरोटीवाला के तहत सिक्का होटल चौक के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। यहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक साढ़े 8 वर्षीय बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ बरोटीवाला थाने में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में ऑरो स्पिनिंग मिल कालोनी (बद्दी) के हाल निवासी राजेश कुमार ने बताया कि वह अपनी बाइक पर सवार होकर अपने दो बेटों विनायक उर्फ नमन और नैतिक के साथ हरिपुर बाबा से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह खौफनाक हादसा हो गया। राजेश कुमार के अनुसार जब वे सिक्का होटल चौक के समीप पहुंचे, तो पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। आरोप है कि ट्रक का चालक वाहन को बेहद तेज रफ्तार और लापरवाही से चला रहा था। टक्कर इतनी भयंकर थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिर गए। सड़क पर गिरने के कारण विनायक उर्फ नमन के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिसके चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ट्रक चालक कमलेश कुमार पुत्र बिल्लू लाल निवासी गांव व डाकघर खंडसर, तहसील पोवायन, जिला शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश) के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का अभियोग पंजीकृत कर लिया है। इस पूरे मामले की पुष्टि पुलिस जिला बद्दी के एसएसपी अशोक वर्मा ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और नियमानुसार कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।












