Khabron wala
शिमला के कुसुम्पटी स्थित हिमुडा कॉलोनी के पास जंगल में रविवार को एक व्यक्ति का शव पेड़ से फंदे पर लटका मिला।
मृतक की पहचान 40 वर्षीय गोविंद सिंह के रूप में हुई है। वह मूल रूप से सिरमौर जिले के संगड़ाह क्षेत्र का रहने वाला था और शिमला के विकास नगर में रहकर एक निजी कूरियर कंपनी में काम करता था।
पुलिस के अनुसार गोविंद सिंह शनिवार से लापता था। उसकी पत्नी ने पुलिस चौकी कुसुम्पटी में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रविवार को कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि हिमुडा कॉलोनी के पास जंगल में एक व्यक्ति पेड़ से लटका हुआ है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मौके पर व्यक्ति को पेड़ से फंदे पर लटका हुआ पाया। इसके बाद शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया गया और पोस्टमार्टम के लिए इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने बताया है कि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है और मामले की जांच जारी है












