Khabron wala
हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू में ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां गुप्त रोग का इलाज करने और महंगी आयुर्वेदिक दवा दिलाने का झांसा देकर पंजाब के एक व्यक्ति ने 81 वर्षीय एक स्थानीय बुजुर्ग को 11.60 लाख रुपए का चूना लगा दिया। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस की शरण ली है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कुल्लू निवासी 81 वर्षीय शिकायतकर्ता चरनजीत ने बताया कि बीते 11 जून को सरवरी स्थित न्यू पार्किंग (कुल्लू बस स्टैंड) के पास उनकी मुलाकात एक व्यक्ति से हुई थी। उस व्यक्ति ने अपनी पहचान राजेन्द्र कुमार पुत्र गदाशी निवासी गुरदासपुर (पंजाब) के रूप में दी। आरोपी ने खुद को आयुर्वेदिक दवाओं का विक्रेता बताया और बुजुर्ग को गुप्त रोग का शर्तिया इलाज करवाने का झांसा देकर अपने विश्वास में ले लिया।
आरोपी ने महंगी आयुर्वेदिक दवाओं के नाम पर बुजुर्ग को अपने जाल में फंसाया और उनसे कुल 11,60,000 रुपए ऐंठ लिए। इतनी बड़ी रकम ठगने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। इसके बाद 16 जून को आरोपी ने विभिन्न मोबाइल नंबरों से बुजुर्ग को फोन किया और 4 लाख रुपए की अतिरिक्त राशि की मांग करने लगा। बार-बार पैसे मांगे जाने और ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने कुल्लू पुलिस थाना पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई।
मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी संजीव चौहान ने बताया कि बुजुर्ग की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी राजेन्द्र कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फोन नंबरों की कॉल डिटेल्स और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है और मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है।










