बाता नदी के तटीयकरण से प्रभावित क्षेत्रों का एसडीएम पांवटा ने किया निरीक्षण
एसडीएम पांवटा श्री द्विज गोयल ने धौलाकुआं क्षेत्र की ग्राम पंचायत टोकियों, सैनवाला मुबारकपुर एवं रामपुर भारापुर में बाता नदी के तटीयकरण के क्षतिग्रस्त होने से बाढ़ एवं भूमि कटाव से प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने धान के खेतों एवं प्रभावित भूमि का मौके पर जाकर जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत टोकियों की प्रधान अल्का रानी, ग्राम पंचायत सैनवाला मुबारकपुर के प्रधान तनुज कुमार तथा ग्राम पंचायत रामपुर भारापुर के प्रधान रजनीश कुमार ने बताया कि निरीक्षण के दौरान एसडीएम के साथ नायब तहसीलदार माजरा रामभज, फील्ड कानूनगो, पटवारी विष्णु शर्मा, जिला परिषद सदस्य अरिकेश चौधरी, जल शक्ति विभाग माजरा के एसडीओ, जूनियर इंजीनियर तथा अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान प्रभावित किसानों की समस्याओं को सुना गया तथा बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन कर आवश्यक राहत एवं तटीय सुरक्षा कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने पर चर्चा की गई।











