Khabron wala
जिले की सरोल पंचायत के घोल्टी में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। युवक यहां एक महिला के साथ लिव-इन-रिलेशनशिप में रह रहा था। पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया है। उसके खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकद्दमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान अनिल कुमार निवासी सालवीं चुराह जिला चम्बा के रूप में हुई है। वह डाकघर में नौकरी करता था। पिछले कुछ वर्षों से एक महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में था और किराए के कमरे में रह रहा था। महिला ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि मंगलवार को अनिल ने घर आने के बाद भूख लगने की बात कही थी और मैगी बनाने के लिए कहा था। उसके 2 बच्चे हैं। इसमें से उसने अपनी 6 वर्षीय बेटी को दूसरे कमरे में सुलाने की बात कही। उस समय उसका 9 साल का बेटा घर पर मौजूद नहीं था।
इसके बाद जब वह दोबारा युवक के कमरे में आई तो अनिल को फंदे से लटका हुआ पाया। उसने कमरे में पंखे के साथ फंदा लगा लिया था। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। वहीं महिला के बयान समेत घटनास्थल से जुड़े तथ्यों को जांच का हिस्सा बनाया है। अब पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई। उधर, युवक के भाई ने महिला पर युवक को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। बुधवार को मैडीकल कालेज एवं अस्पताल चम्बा में युवक के शव का पोस्टमार्टम किया गया।
एसपी विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले अन्य तथ्यों से मौत की असल वजह का पता चल पाएगा। पुलिस गहनता से जांच कर रही है।
जांच रिपोर्ट में होगा मौत के असल कारणों का खुलासा
इस घटना का सबसे अहम पहलू यही है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई। फिलहाल उपलब्ध जानकारी में मौत का अंतिम कारण सामने नहीं आया है। महिला पुलिस हिरासत में है और मामले की जांच जारी है। ऐसे में पोस्टमार्टम रिपोर्ट, पुलिस की आगे की जांच और अन्य साक्ष्य ही यह स्पष्ट करेंगे कि अनिल की मौत के पीछे वास्तविक वजह क्या थी।












