Khabron wala
जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पीर निगाह के समीप मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया. श्रद्धालुओं से भरा एक ट्रक अचानक बेकाबू होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा. हादसे में ट्रक में सवार करीब 30 श्रद्धालु घायल हो गए. घायलों में महिलाएं, बच्चे और पुरुष शामिल हैं. बताया जा रहा है कि ट्रक में 50 श्रद्धालु सवार थे.
सभी श्रद्धालु हरियाणा के करनाल जिले के इंद्री क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं. जानकारी के अनुसार श्रद्धालु दो दिन पहले पीर निगाह मंदिर में माथा टेकने और भंडारा आयोजित करने के लिए पहुंचे थे. मंगलवार सुबह वो पीर निगाह से माता नैना देवी के दरबार के लिए रवाना हुए थे. मंदिर से करीब दो किलोमीटर दूर पहुंचते ही ट्रक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को सूचना देकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू करवाया.
मौके पर मची चीख पुकार
पीर निगाह मंदिर से करीब दो किलोमीटर की दूरी पर हुए इस हादसे के बाद स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और खाई में गिरे श्रद्धालुओं को बाहर निकालने का काम शुरू किया. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी मौके पर पहुंचीं. राहत एवं बचाव कार्य के दौरान घायल श्रद्धालुओं को एंबुलेंस के माध्यम से क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया. अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मचारियों ने घायलों का उपचार शुरू किया.
क्षेत्रीय अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर संजय मनकोटिया ने बताया कि ‘पीर निगाह हादसे में करीब घायल हुए 30 श्रद्धालुओं को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लाया गया था, जिन्हें उपचार दिया जा रहा है. इनमें से एक बच्चे को नाजुक हालत के चलते प्राथमिक उपचार के बाद तीन लोगों को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है. अन्य श्रद्धालुओं का उपचार अस्पताल में जारी है.’
पुलिस कर रही मामले की जांच
हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और ट्रक चालक से वाहन किस कारण अनियंत्रित हुआ, इसकी जांच पुलिस कर रही है. अधिकारियों ने घायलों के उपचार और उन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए हैं.









