Khabron wala
बद्दी में पुलिस व ड्रग विभाग ने एक कम्पनी के गोदाम से भारी मात्रा में नशीली दवाइयां बरामद की हैं। गौर रहे कि मई माह में पुलिस व ड्रग विभाग की टीम ने नकली और नशीली दवाओं के अवैध धंधे का भंडाफोड़ किया था। बद्दी में फूड लाइसैंस के तहत नकली कंपनी और बैच से नशीली दवाएं बनाई जा रही थीं और कुरियर के माध्यम से पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और अन्य राज्यों में भेजी जाती थीं। ये दवाइयां सिरमौर की कंपनी के नाम पर बनाई जा रही थीं। पुलिस और ड्रग विभाग ने 8 मई को 2.23 लाख से अधिक नशीली गोलियां बरामद की थीं।
इसी क्रम में पुलिस व ड्रग विभाग की टीम ने अब विभिन्न तरह की नशीली दवाइयों की करीब 3,64,000 गोलियां, करीब 19,000 कैप्सूल, करीब 43 किलोग्राम पाऊडर, 41 बोतलें सिरप तथा 49 किलोग्राबम प्रिंटिड फ्वायल आदि बरामद किया है। पुलिस ने मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी तरह दवाइयों की करीब 23,000 गोलियां, 310 वायलज व 57 बोतलें सस्पैंशन आईपी भी बरामद हुई हैं। इसमें ड्रग नियंत्रक प्राधिकरण द्वारा ड्रग एंड कॉस्मैटिक एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि पुलिस ने आरोपी अंकित कौशल निवासी उत्तर प्रदेश के खिलाफ मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में पूरे नैटवर्क की छानबीन की जा रही है।










