ADVERTISEMENT

पूर्व सेना कमांडो रणबीर सिंह को बड़ी जिम्मेदारी, बने पाँवटा साहिब ब्लॉक प्रधान संघ के अध्यक्ष

पूर्व सेना कमांडो रणबीर सिंह को बड़ी जिम्मेदारी, बने पाँवटा साहिब ब्लॉक प्रधान संघ के अध्यक्ष

भाजपा के सक्रिय पदाधिकारी रणबीर सिंह के नेतृत्व में पंचायत प्रतिनिधियों की आवाज होगी और मजबूत

पाँवटा साहिब। गोजर पंचायत के प्रधान एवं पूर्व भारतीय सेना कमांडो रणबीर सिंह को पाँवटा साहिब ब्लॉक के प्रधान संघ का प्रधान नियुक्त किए जाने पर क्षेत्र में खुशी की लहर है। उनकी नियुक्ति को पंचायत प्रतिनिधियों के बीच एक अनुभवी, अनुशासित और मजबूत नेतृत्व के रूप में देखा जा रहा है।

रणबीर सिंह लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हुए हैं और वर्तमान में भाजपा गिरिपार आँजभोज मंडल के उपाध्यक्ष का दायित्व भी निभा रहे हैं। संगठनात्मक गतिविधियों के साथ-साथ वे पंचायत स्तर पर भी सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं और आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं।

भारतीय सेना में कमांडो पद पर सेवाएं देकर सेवानिवृत्त हुए रणबीर सिंह ने देशसेवा के दौरान अनुशासन, साहस, कर्तव्यनिष्ठा और नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया। सेना से सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने अपने क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए खेतीबाड़ी एवं माइनिंग के व्यवसाय को अपनाया और सामाजिक एवं सार्वजनिक जीवन में अपनी सक्रियता बनाए रखी।

उनके परिवार की भी पंचायत स्तर पर जनसेवा की मजबूत पृष्ठभूमि रही है। उनकी माता जी पूर्व में गोजर पंचायत की प्रधान रह चुकी हैं। पंचायत व्यवस्था और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं से उनका पुराना जुड़ाव रहा है, जिसका लाभ अब ब्लॉक स्तर पर पंचायत प्रतिनिधियों को मिलने की उम्मीद है।

पंचायतों की आवाज को मजबूती से उठाना प्राथमिकता

नई जिम्मेदारी मिलने के बाद रणबीर सिंह ने कहा कि वे पाँवटा साहिब ब्लॉक की सभी पंचायतों और पंचायत प्रतिनिधियों को साथ लेकर चलेंगे। पंचायतों से जुड़े विकास कार्यों, सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं को उचित मंच पर मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।

उन्होंने कहा कि पंचायतें लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण जमीनी इकाई हैं और पंचायत प्रतिनिधियों को आने वाली समस्याओं का समाधान करवाने के लिए एकजुट होकर प्रयास करना आवश्यक है। वे पंचायत प्रधानों की समस्याओं और अधिकारों की आवाज को मजबूती से संबंधित विभागों एवं सरकार के समक्ष रखने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।

रणबीर सिंह की नियुक्ति पर भाजपा कार्यकर्ताओं, पंचायत प्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देशसेवा का अनुभव रखने वाले पूर्व कमांडो और संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहे रणबीर सिंह को प्रधान संघ का नेतृत्व मिलने से पंचायत संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।

 

उन्होंने विश्वास जताया कि रणबीर सिंह अपने सैन्य अनुशासन, संगठनात्मक अनुभव और पंचायत स्तर के जनसंपर्क के बल पर पाँवटा साहिब ब्लॉक की पंचायतों को एकजुट करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों के विकास एवं जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएंगे।

बैठक में सर्वसहमति से प्रधान संघ की कार्यकारिणी गठित की गई जिसमे उपाध्यक्ष पद के लिए राकेश कुमार प्रधान भाटावाली,निंद्रों देवी प्रधान गुरुवाला-सिंघपुरा,बलबीर सिंह प्रधान शिवा,रजनीश चौधरी प्रधान रामपुर-भारापुर,राकेश कुमार प्रधान बहराल व सचिव पद के लिए अल्का रानी प्रधान टोकियो,तेजिंदर सिंह प्रधान भूँगरनी व सह सचिव पद के लिए नरेंद्र पाल प्रधान मानपुरदेवड़ा,मोहन सिंह प्रधान पातलियों व कोषाध्यक्ष पद के लिए पृथ्वी सिंह प्रधान भगानी,दिनेश चौहान प्रधान टोरू डाण्डाआँज व मुख्य सलाहकार शिक्षा देवी प्रधान कुंजा,सुरेखा चौधरी प्रधान गोरखुवाला,सुंदर सिंह प्रधान मुग़लाँवाला करतारपुर व मीडिया प्रभारी पवन पटियाल प्रधान जामनीवाला,प्रीतिका सैणी प्रधान बद्रीपुर व सह मीडिया प्रभारी रसीला बेगम मिसरवाला को नियुक्त किया गया।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *