आदर्श रामलीला बद्रीनगर में रावण का भव्य दरबार, सीता हरण एवं शबरी-राम मिलन के भावपूर्ण दृश्यों का मंचन
मुख्य अतिथि समाजसेवी तरनदीप सिंह जी एवं प्रसाद सेवक दिनेश गुप्ता जी और ललित मदान जी रहे उपस्थित।
Khabron wala
पांवटा साहिब, बद्रीनगर। आदर्श राम जनकल्याण समिति (रजिस्टर्ड), बद्रीनगर द्वारा नाहन रोड स्थित शर्मा पेट्रोल पंप के समीप आयोजित रामलीला महोत्सव में रावण के भव्य दरबार, शूर्पणखा के प्रवेश, स्वर्ण मृग प्रसंग, माता सीता के हरण, जटायु वध तथा भगवान श्रीराम और माता शबरी के मिलन के भावपूर्ण दृश्यों का शानदार मंचन किया गया। स्थानीय कलाकारों ने अपनी अभिनय कला से रामायण के इन प्रसंगों को जीवंत कर दिया, जिसे देखकर दर्शकों ने खूब सराहना की।
कार्यक्रम में समाजसेवी तरनदीप सिंह जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं, प्रसाद वितरण की सेवा दिनेश गुप्ता जी एवं ललित मदान जी द्वारा निभाई गई। अतिथियों ने रामलीला के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम हमारी परंपराओं को जीवित रखने के साथ-साथ नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों से परिचित करवाते हैं।
रामलीला में रावण के भव्य दरबार का दृश्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। शूर्पणखा के रावण के पास पहुंचने और अपनी व्यथा सुनाने के बाद रावण का क्रोधित होना तथा मारीच से सलाह करके स्वर्ण मृग की योजना बनाना दिखाया गया। मारीच स्वर्ण मृग का रूप धारण कर भगवान श्रीराम को कुटिया से दूर ले जाता है। इसके बाद रावण साधु का वेश धारण करके माता सीता का हरण कर लेता है। इस प्रसंग का मंचन प्रभावशाली ढंग से किया गया।
इसके बाद पक्षीराज जटायु द्वारा माता सीता को बचाने के लिए रावण से युद्ध करने और जटायु वध का दृश्य दिखाया गया। माता सीता की खोज में निकले भगवान श्रीराम और लक्ष्मण को घायल जटायु रावण द्वारा सीता हरण किए जाने की जानकारी देते हैं। आगे वन में भटकते हुए भगवान श्रीराम की भेंट माता शबरी से होती है। शबरी और श्रीराम के मिलन के दृश्य ने दर्शकों को भक्ति, प्रेम, श्रद्धा और समर्पण का संदेश दिया।
इन सभी प्रसंगों में रावण की भूमिका रोहित शर्मा, भगवान श्रीराम की भूमिका मुकेश शर्मा, लक्ष्मण की भूमिका नागेश जी तथा माता सीता की भूमिका अमन ने निभाई। वहीं मेघनाथ के रूप में गुलशन मेहता, प्रहस्त के रूप में राजन तिवारी, निकुंभ के रूप में सागर जी, शबरी के रूप में कर्ण जी, विभीषण के रूप में हरिशरण कपिल, मारीच के रूप में रमेश शर्मा तथा शूर्पणखा के रूप में मौजी सिकंदर ने अपने अभिनय से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। मंत्रीगण की भूमिकाओं में पवन जी, अरविंद जी, अमन शर्मा एवं अन्य संबंधित कलाकारों ने भी सहयोग दिया।
आदर्श रामलीला के सफल आयोजन में समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य निरंतर योगदान दे रहे हैं। समिति के अध्यक्ष हरीश चौधरी, प्रधान राजेश कुमार, महासचिव नागेश भिड़ियाल, संयुक्त सचिव रोहित शर्मा, निर्देशक मनोज, कोषाध्यक्ष गुलशन मेहता तथा स्टेज प्रभारी संदीप शर्मा के साथ सरपरस्त हरी शरण कपिल, उप निरीक्षक एवं सरपरस्त रमेश शर्मा तथा सरपरस्त राजकुमार का मार्गदर्शन भी आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण है। इसके अतिरिक्त मुकेश शर्मा, रामाकांत तिवारी, राजन तिवारी, पवन कुमार, अनिल शर्मा, कुलदीप, नरोत्तम, कमलेश शर्मा, जय प्रकाश शर्मा, प्रमोद शर्मा, अमन शर्मा एवं विक्की सैनी सहित अन्य सदस्य भी अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।
रामलीला में प्रतिदिन आने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण किया जाता है।
साथ ही प्रतिदिन निःशुल्क भाग्यशाली प्रतियोगिता आयोजित की जाती है, जिसमें पाँच भाग्यशाली प्रतिभागियों को भगवान श्रीरामचंद्र जी की प्रतिमा भेंट की जाती है। इस पहल से श्रद्धालुओं में उत्साह बना रहता है और धार्मिक आयोजन के प्रति लोगों की भागीदारी बढ़ती है।
आदर्श राम जनकल्याण समिति (रजिस्टर्ड) ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में नाहन रोड, शर्मा पेट्रोल पंप के समीप, बद्रीनगर स्थित रामलीला मैदान में पहुंचकर रामलीला का आनंद लें तथा भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं।
जय श्री राम! 🚩 जय बजरंग बली! 🚩
जारीकर्ता: रोहित शर्मा, संयुक्त सचिव, आदर्श राम जनकल्याण समिति (रजिस्टर्ड), बद्रीनगर, पांवटा साहिब, जिला सिरमौर, हिमाचल प्रदेश।











