ADVERTISEMENT

Solan: भारी बारिश के कारण विश्व धरोहर कालका-शिमला रेलवे ट्रैक हवा में लटका, 10 ट्रेनें रद्द

Khabron wala 

हिमाचल प्रदेश के निचले क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश ने एक बार फिर विश्व धरोहर कालका-शिमला रेलवे ट्रैक को नुक्सान पहुंचाया है। शनिवार देर रात गुम्मा और टकसाल रेलवे स्टेशनों के बीच तेज बारिश और पानी के बहाव के चलते पुलिया बह गई। पुलिया के बहने से रेलवे ट्रैक का एक हिस्सा हवा में लटक गया है। इसके चलते इस रेल मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही पूरी तरह ठप्प हो गई है।

हादसे के बाद रेलवे प्रशासन ने रविवार को कालका-शिमला रेलमार्ग पर चलने वाली सभी ट्रेनों को रद्द कर दिया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रैक को दोबारा बहाल करने में 2 से 3 दिन तक का समय लग सकता है। फिलहाल रेलवे की टीम मौके पर पहुंचकर ट्रैक को दुरुस्त करने के कार्य में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार शनिवार को परवाणू और आसपास के क्षेत्रों में हुई भारी बारिश के बाद गुम्मा-टकसाल के बीच पानी का बहाव अचानक बढ़ गया। तेज बहाव के कारण ब्रिज नंबर-57 की पुलिया बह गई, जबकि इसके ऊपर से गुजरने वाला रेलवे ट्रैक हवा में लटक गया। ट्रैक की स्थिति को देखते हुए रेल संचालन रोकना पड़ा।

इससे पहले शनिवार को ही कोटी और टकसाल के बीच रेलवे ट्रैक पर भूस्खलन और पानी भरने की समस्या सामने आई थी, जिसके चलते निचली ओर जाने वाली 4 ट्रेनों को देर रात रद्द किया गया था। बाद में रेलवे की टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक का निरीक्षण किया तो पुलिया के क्षतिग्रस्त होने का पता चला।

कालका-शिमला रेलवे लाइन पर्यटकों के बीच खास आकर्षण का केंद्र है। छुट्टियों के दौरान बड़ी संख्या में पर्यटक टॉय ट्रेन के जरिए शिमला पहुंचते हैं। ट्रैक क्षतिग्रस्त होने के कारण रविवार को पर्यटकों से भरी ट्रेनों का शिमला तक पहुंचना संभव नहीं होगा। ट्रेनें रद्द होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

रद्द हुईं ट्रेनें :

कालका से शिमला जाने वाली ट्रेनें :

52451 कालका-शिमला एक्सप्रैस

52459 कालका-शिमला हिमदर्शन

52455 हिमालयन क्वीन

52453 कालका-शिमला एक्सप्रैस

52459 कालका-शिमला एक्सप्रैस

शिमला से कालका जाने वाली ट्रेनें :

52452 शिमला-कालका एक्सप्रैस

52460 शिमला-कालका हिमदर्शन

52456 हिमालयन क्वीन

52454 शिमला-कालका एक्सप्रैस

52458 शिमला-कालका एक्सप्रैस

रेल बोर्ड अंबाला के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक यशनजीत सिंह ने बताया कि गुम्मा-टकसाल रेलवे स्टेशनों के बीच ट्रैक क्षतिग्रस्त हुआ है, जिसके चलते 5 अप और 5 डाउन ट्रेनों को रद्द किया गया है। यात्रियों को ट्रेनों के रद्द होने की सूचना दे दी गई है। रेलवे प्रशासन की टीम ट्रैक को जल्द बहाल करने के लिए मौके पर कार्य कर रही है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *