शिमला से जारी बयान में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सुक्खू सरकार हर दिन युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। जब प्रदेश के युवाओं से वोट लेने की बारी थी, तब ठूँजा साल की पक्की नौकरी देने की कसमें खाई जा रही थीं और अब झूठ बोलकर सत्ता हासिल करने के बाद नए-नए तरह की नौकरियां निकाली जा रही हैं।
मुख्यमंत्री सिर्फ मित्रों को सेट करने में ही मशगूल हैं। उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार द्वारा अधिसूचित इंगेजमेंट पॉलिसी-2026 में प्रावधान किया गया है कि आईटीआई, पॉलिटेक्निक, इंजीनियरिंग और फार्मेसी संस्थानों में अस्थाई शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। सरकार द्वारा अधिसूचित इंगेजमेंट पॉलिसी-2026 प्रदेश के युवाओं के भविष्य के साथ एक भद्दा मजाक है। उन्होंने कहा कि सुक्खू प्रदेश के संसाधन सिर्फ मित्रों पर लुटाकर प्रदेश के भविष्य को एडहॉक की तरफ धकेल रहे हैं। चीफ सेक्रेटरी से लेकर डीजीपी सब अस्थाई हैं। इसी तर्ज पर मुख्यमंत्री अब पूरे प्रदेश को चलाना चाहते हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यह व्यवस्था न प्रदेश के हित में है, न युवाओं के हित में और न ही शिक्षा व्यवस्था के हित में। इसलिए इस व्यवस्था को बंद किया जाए और सरकार अपने वादे के मुताबिक पक्की नौकरियों का प्रबंध करे। इसी तरह सरकार ने सीबीएसई स्कूलों में भी इसी तरह की भर्तियां की हैं, जहां पाँच साल बाद युवाओं का क्या होगा, सरकार को नहीं पता। उन्हें 12 महीने के बजाय 11 महीने का ही वेतन मिल रहा है। तकनीकी संस्थानों में भी पाँच साल के लिए शिक्षकों की भर्ती के फैसले को सरकार वापस ले।
जयराम ठाकुर ने कहा कि व्यावसायिक दक्षता प्रदान करके ही प्रदेश में लोगों को आत्मनिर्भर बनाने की मुहिम तेज की जा सकती है, लेकिन सरकार उन्हें पढ़ाने वाले शिक्षकों की भर्ती के नाम पर ही मजाक कर रही है। अब नौकरी देने के नाम पर चारों तरफ चुप्पी है। नौकरियां देने की कसमें खाने वाले लोग गायब हैं। नौकरियों के नाम पर मुख्यमंत्री देश भर में घूम-घूमकर और राष्ट्रीय महत्व के मंचों पर बड़ी-बड़ी बातें कर रहे हैं तथा नौकरियों के झूठे आंकड़े परोस रहे हैं। अब उनका झूठ पूरी तरह बेनकाब हो गया है।
जयराम ठाकुर ने सेना के सम्मान में शिमला में प्रदर्शन कर रहे आम लोगों पर पुलिस द्वारा बर्बरता करने की घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। एक तरफ संवैधानिक संस्थाओं के कार्यालयों में तोड़फोड़ और आग लगाने की धमकी देने वाले कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को संरक्षण दिया जा रहा है, तो दूसरी तरफ सेना के अपमान के खिलाफ हुए प्रदर्शन का दमन किया जा रहा है। शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना लोगों का लोकतांत्रिक अधिकार है। इसे सरकार छीन नहीं सकती।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सिख धर्म के संस्थापक एवं प्रथम गुरु, पूज्य गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर लोकल बस स्टैंड स्थित गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर माथा टेका और गुरु चरणों में शीश नवाया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करते हुए अरदास की।
जयराम ठाकुर ने कहा कि गुरु नानक देव जी का संपूर्ण जीवन और उनकी शिक्षाएँ मानवता के लिए अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने ‘एक ओंकार’, सेवा, सच्चाई, समानता और भाईचारे का संदेश देकर समाज को भेदभाव एवं ऊंच-नीच से ऊपर उठकर मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उनका जीवन हमें सिखाता है कि सच्ची भक्ति मानव सेवा, परोपकार और सभी के प्रति प्रेम एवं सम्मान के भाव में निहित है। गुरु नानक देव जी के विचार और आदर्श आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करते रहेंगे।









