ADVERTISEMENT

शिलाई हत्याकांड मामले में SIT की बड़ी कार्रवाई, नाहन की महिला समेत दो और आरोपी गिरफ्तार

शिलाई में खजान सिंह हत्याकांड मामले में पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वारदात से जुड़े नए खुलासे हो रहे हैं। अब इस हत्याकांड के तार नाहन से जुड़ गए हैं। सिरमौर पुलिस की एसआईटी ने नाहन से दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, इन दोनों ने वारदात में इस्तेमाल हथियार के लिए सामान उपलब्ध करवाया था। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद हुई इन दो गिरफ्तारियों से पुलिस अब हत्याकांड की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है।

मामला 10 नवंबर का है। शिलाई क्षेत्र में खजान सिंह निवासी गांव क्यारटा पिपलटी, डाकघर जामू कोटी, तहसील ददाहू की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस वारदात के बाद पुलिस थाना शिलाई में 11 नवंबर को हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एसआईटी के माध्यम से जांच आगे बढ़ाई।

एएसपी सिरमौर नरेंद्र कुमार ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने 18 नवंबर को मुख्य आरोपी विनोद निवासी गांव कथयाड, डाकघर टिंबी, तहसील शिलाई को गिरफ्तार किया था। इसके बाद एसआईटी को वारदात में अन्य लोगों की संलिप्तता के साक्ष्य मिले। लिहाजा, पुलिस ने विशाल कुमार निवासी मोहल्ला अमरपुर, शिवपुरी मार्ग, तहसील नाहन, और फरिह्या शेख निवासी गुन्नूघाट, नाहन को गिरफ्तार किया है।

उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जा रहा है। दोनों के लिए पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *