Khabron wala
अग्निवीर के रूप में सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करने वाले हिमाचल के बिलासपुर निवासी विकास गौतम ने अपनी प्रतिभा के बल पर भारतीय सेना में अधिकारी (लैफ्टिनेंट) बनने का सपना पूरा किया है. विकास अब ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी (OTA) से पास आउट होकर सैन्य अफसर की जिम्मेदारी संभालने जा रहे हैं.
ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी (OTA) में अपनी कड़े प्रशिक्षण के दम पर उन्होंने न केवल अपना बचपन का सपना पूरा किया, बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश का मान भी बढ़ाया है. भारतीय सेना की ट्रेनिंग कमांड (ARTRAC) ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर विकास गौतम के इस प्रेरणादायक सफर को साझा किया है.
इंजीनियरिंग के बाद जॉइन की थी सेना
बचपन से ही ऑलिव ग्रीन यूनिफॉर्म पहनने की चाह रखने वाले विकास गौतम ने कंप्यूटर साइंस में बीटेक की डिग्री हासिल की है, जब एनडीए के जरिए सफलता नहीं मिली, तो उन्होंने हार मानने के बजाय अग्निपथ योजना के तहत सेना में अग्निवीर के रूप में प्रवेश किया और अग्निवीर के तौर पर सेना में सेवाएं शुरू की, लेकिन ऑफिसर बनने का सपना पीछे नहीं छूटा. उन्होंने सेना में ही रहते ही एसएसबी की तैयारी जारी रखी.
सेना की ट्रेनिंग कमांड ने अपने ऑफिशियल एक्स हैंडल पर लिखा सेना में अग्निवीर में चयन के बाद उन्हें आर्मर्ड कॉर्प्स की प्रतिष्ठित रेजिमेंट ‘द सिंध हॉर्स (14 हॉर्स)’ में टी-90 भीष्म टैंक में गनर के रूप में तैनाती मिली. रेजिमेंट के कड़े अनुशासन और टी-90 टैंक गनर की चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारी ने उनमें टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता और अधिकारी बनने के संकल्प को और मजबूत किया. उन्होंने अपना सर्विसेज सिलेक्शन बोर्ड (SSB) इंटरव्यू पास किया और ओटीए गया में शामिल हुए।
ओटीए गया में, उनके प्रशिक्षकों और सीनियर कैडेट्स के मार्गदर्शन ने उनके आत्मविश्वास, सहनशक्ति, निर्णय लेने की क्षमता और नेतृत्व कौशल को और निखार दिया. उनकी उपलब्धियों में क्रॉस कंट्री रेस में अकादमी का नेतृत्व करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया, शारीरिक प्रशिक्षण में मेरिट कार्ड से सम्मानित हुए और बैटल ऑब्स्टैकल कोर्स में नया रिकॉर्ड कायम किया.
देश को मिले 253 सैन्य अफसर
बता दें कि बिहार के गयाजी के अफसर प्रशिक्षण अकादमी में शनिवार को पासिंग आउट परेड के बाद देश को 253 सैन्य अधिकारी मिले. शार्ट सर्विस कमीशन टेक्निकल पुरुष के 218 और 35 महिला कोर्स की दूसरी पासिंग आउट परेड के बाद नवीनतम सैन्य अधिकारी बनकर भारतीय सेना में शामिल हुए हैं. इस अवसर पर वियतनाम पीपुल्स आर्मी के जनरल स्टाफ के उप प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल ले वान हुआंग मुख्य अतिथि और समीक्षा अफसर के रूप में उपस्थित रहे. उनके साथ लेफ्टिनेंट जनरल राजेश पुष्कर (जनरल ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ, दक्षिणी कमान) और लेफ्टिनेंट जनरल संदीप सिंह (कमांडेंट, अफसर प्रशिक्षण अकादमी गया) समेत कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे.










