Khabron wala
श्री रेणुका जी विधानसभा में बिजली विभाग के नए डिजिटल/प्रीपेड मीटरों से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। आरोप है कि बिल एक दिन भी लेट हुआ तो 250 रुपये पेनल्टी के साथ लाइट काट दी जाती है,
श्री रेणुका जी विधानसभा के ददाहू क्षेत्र में पिछले कुछ महीनों से कई घरों की बिजली काटी जा चुकी है। जब से ये स्मार्ट डिजिटल मीटर लगे हैं, उपभोक्ताओं को पता ही नहीं चलता कि बैलेंस कब खत्म हुआ। मीटर में एक छोटी सी लाइट तो जलती है, लेकिन घर के बल्ब-पंखे बंद हो जाते हैं। लोगों का कहना है कि इससे बिजली बोर्ड के खजाने को तो करोड़ों का फायदा हुआ, लेकिन जनता की परेशानी दोगुनी हो गई है।
एक पीड़ित डॉक्टर ने बताया कि “मेरी लाइट कल शाम 6 बजे चली गई। जब मैंने बिजली विभाग को फोन किया तो जवाब मिला कि 5 बजे के बाद लाइट ठीक नहीं होगी। पहले रात 10 बजे तक कर्मचारी आते थे। मैं खुद डॉक्टर हूँ, मेरा प्राइवेट क्लीनिक है। सोचिए अगर यही फ्यूज शाम 5:15 पर सरकारी अस्पताल में उड़ जाए तो क्या आप मरीज को बिना ऑक्सीजन के मरने देंगे?”
सबसे बड़ा सवाल सेवा पर है। उपभोक्ता पूछ रहे हैं कि जब विभाग लाखों रुपये का बिल एडवांस में ले रहा है, तो रात में फॉल्ट अटेंड करने के लिए किन कर्मचारीयों की ड्यूटी लगाई गई है?
इस मामले को लेकर जब जिला मुख्यालय नाहन स्थित विद्युत वृत सिरमौर के अधिकारी से बात की गई तो उन्होंने कहा कि “बरसात का समय है और रात को कर्मचारी भेजना उचित नहीं है” अधीक्षण अभियंता, विद्युत वृत सिरमौर ने बताया कि बरसात के मौसम में रात के समय लाइन पर भेजना जोखिम भरा है, इसलिए एहतियात बरती जा रही है।









