Khabron wala
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला और इसके आसपास के क्षेत्रों में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान पूरी सख्ती के साथ जारी है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए कृष्णानगर से दो युवकों और रोहड़ू से एक युवती को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
शिमला पुलिस के स्पैशल सैल को कृष्णानगर इलाके के एक रिहायशी कमरे में नशे का कारोबार होने की गुप्त सूचना मिली थी। इस आधार पर टीम ने त्वरित छापेमारी की। कमरे की गहन तलाशी के दौरान वहां मौजूद दो युवकों के कब्जे से लगभग 6 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए चिट्टे की खेप को बड़ी चालाकी से गोल्ड फ्लेक सिगरेट की डिब्बी में डालकर गद्दे के नीचे छिपा रखा था, लेकिन पुलिस की पैनी नजर से वे बच नहीं सके। पुलिस ने तुरंत नशा जब्त कर दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। इसके बाद आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अदालत ने दोनों आरोपियों को 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। अब पुलिस इन तस्करों के बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है ताकि इस गिरोह के मुख्य सरगना तक पहुंचा जा सके।
5 ग्राम चिट्टे के साथ धरी जुब्बल की युवती
नशे के खिलाफ दूसरी कार्रवाई रोहड़ू क्षेत्र में हुई। पुलिस थाना रोहड़ू की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर एक युवती पर संदेह होने पर नियमानुसार उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से करीब 5 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार आरोपी युवती की पहचान 21 वर्षीय नवीनलता निवासी तहसील जुब्बल व जिला शिमला के रूप में हुई है। चिट्टा बरामद होने के बाद पुलिस ने आरोपी युवती के खिलाफ थाना रोहड़ू में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक मामले की आगामी जांच जारी है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस युवती तक यह नशीला पदार्थ कहां से पहुंचा और इसके पीछे किसी अन्य तस्कर की भूमिका तो नहीं है।












