ADVERTISEMENT

सोलन नगर निगम का बड़ा एक्शन, 5 लाख का बिल दबाने वाले शख्स सहित 11 डिफॉल्टर उपभोक्ताओं पर की ये कार्रवाई

Khabron wala 

पानी का बिल जमा करवाने में आनाकानी करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ नगर निगम सोलन ने अब सख्त रुख अपना लिया है। निगम ने बकायेदारों (डिफॉल्टरों) पर सीधी कार्रवाई करते हुए उनके पानी के कनैक्शन काटने शुरू कर दिए हैं। इसी कड़ी में वीरवार को शहर के वार्ड नंबर-14 में निगम की टीम ने 11 डिफॉल्टरों के पानी के कनैक्शन काट दिए। हैरानी की बात यह है कि इन डिफॉल्टरों में एक ऐसा उपभोक्ता भी शामिल है, जिस पर अकेले करीब 5 लाख रुपए का पानी का बिल लंबित है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार निगम का भारी-भरकम राजस्व लोगों के पास फंसा हुआ है। अकेले वार्ड नंबर-14 में ही पानी के बिलों के करीब 16 लाख रुपए की रिकवरी अभी बाकी है। इस वार्ड में लगभग 15 ऐसे उपभोक्ता चिह्नित किए गए हैं, जिन्होंने लंबे समय से अपने बिलों का भुगतान नहीं किया है। निगम अब इन सभी बड़े बकायेदारों पर एक-एक कर शिकंजा कस रहा है, जिससे यह साफ हो गया है कि बिल दबाकर बैठे उपभोक्ताओं को अब कोई मोहलत नहीं मिलेगी।

हफ्ते भर में कट चुके हैं 40 कनैक्शन

नगर निगम द्वारा शहर भर में पानी के बिलों की रिकवरी के लिए यह विशेष मुहिम पिछले करीब एक सप्ताह से चलाई जा रही है। इस सख्त अभियान के तहत अब तक पूरे शहर में लगभग 40 पानी के कनैक्शन काटे जा चुके हैं। हालांकि, निगम की टीम सीधेतौर पर कनैक्शन नहीं काट रही है। पहले उपभोक्ताओं को बाकायदा नोटिस जारी कर लंबित बिल जमा करवाने का मौका दिया जा रहा है। नोटिस की मियाद खत्म होने के बावजूद भुगतान न करने वालों पर ही यह गाज गिर रही है।

क्या कहती हैं नगर निगम की एसडीओ?

नगर निगम की एसडीओ अल्पना ठाकुर ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि जो उपभोक्ता नोटिस जारी होने के बाद भी बिल जमा नहीं करवा रहे हैं, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वीरवार को वार्ड नंबर-14 में जो 11 कनैक्शन काटे गए हैं, उनमें 5 लाख रुपए के लंबित बिल वाला मामला भी शामिल है। निगम का यह अभियान आगामी दिनों में भी जारी रहेगा।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *