शिमला में बड़ा हा..दसा : HRTC की इलेक्ट्रिक बस और कार में जोरदार टक्कर, 3 लोगों की मौ**त
Khabron wala
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के समीप घंडल में वीरवार को एक सड़क हादसे में तीन लोगों की जान चली गई। नैशनल हाईवे-205 पर एचआरटीसी की इलैक्ट्रिक बस और एक कार के बीच हुई इस भीषण टक्कर में एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। मृतकों में 2 महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना वीरवार दोपहर करीब एक बजे के आसपास पेश आई। एचआरटीसी की एक इलैक्ट्रिक बस बागीपुल से शिमला की ओर आ रही थी। इसी दौरान घंडल के पास बस और एक कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए आईजीएमसी अस्पताल शिमला पहुंचाया गया। अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में घायल एक अन्य व्यक्ति का इलाज चल रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार में सवार सभी लोग जिला सोलन के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
फिलहाल इस सड़क दुर्घटना के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है और मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसे के वक्त किस वाहन चालक की लापरवाही रही। मृतकों की शिनाख्त कर उनके परिजनों को सूचित किया जा रहा है।ओ










