Khabron wala
हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिमला पुलिस की स्पैशल सैल टीम को एक अहम सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने शोघी पुलिस चौकी के समीप नाकाबंदी के दौरान एक बस में सफर कर रहे दो युवकों को लगभग 22 ग्राम चिट्टे के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार शिमला पुलिस की स्पैशल सैल टीम शोघी चौकी के पास मुस्तैदी से वाहनों की चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक विश्वसनीय और गुप्त सूचना मिली कि बाहरी राज्य से शिमला आ रही एक बस में दो युवक नशीले पदार्थ (चिट्टा) की खेप लेकर आ रहे हैं।
इस पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संदिग्ध बस को रुकवाया और उसकी सघन तलाशी ली। तलाशी के दौरान बस में बैठे दो युवकों के कब्जे से कुल 22 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने नशीला पदार्थ जब्त कर दोनों आरोपियों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान 21 वर्षीय भुवनेश चौहान निवासी तहसील व जिला शिमला और 21 वर्षीय गुलशन ठाकुर निवासी तहसील कोटखाई, जिला शिमला के रूप में हुई है।
इस संदर्भ में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना बालूगंज (शिमला) में मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मुकद्दमा दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें आगे की पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ की जाएगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे यह चिट्टा बाहरी राज्य में किस व्यक्ति से खरीद कर लाए थे और शिमला में इसे किसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस का लक्ष्य इस अवैध नशा नैटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी पर्दाफाश करना है।









