ADVERTISEMENT

नालागढ़ में सोशल मीडिया पर हथियार के साथ रील बनाना पड़ा महंगा, 4 युवकों पर केस दर्ज

Khabron wala 

सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन (गन कल्चर) करने वालों के खिलाफ बद्दी पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस जिला बद्दी के अंतर्गत पुलिस थाना नालागढ़ में सोशल मीडिया अकाउंट पर हथियार प्रदर्शित करने के संबंध में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रही थी, जिसमें अनिल कुमार उर्फ ‘लक्की सल्लेवाल’ नाम का युवक अपने तीन अन्य साथियों के साथ एक थार गाड़ी के भीतर बैठकर पिस्टलनुमा हथियारों का सरेआम प्रदर्शन करता हुआ दिखाई दे रहा है। पुलिस का कहना है कि इस प्रकार सार्वजनिक रूप से हथियारों का प्रदर्शन करना समाज में भय एवं दहशत का माहौल पैदा करता है, साथ ही युवा वर्ग को अपराध और गलत राह पर चलने के लिए उकसाने जैसा गैर-कानूनी कृत्य है।

मामला ध्यान में आते ही नालागढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आर्म्स एक्ट की धारा 25 व 30 के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले के हर पहलू की गहनता और बारीकी से जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगामी सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) बद्दी, विनोद धीमान ने नागरिकों और विशेष रूप से युवा पीढ़ी से अपील की है कि वे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का जिम्मेदार उपयोग करें। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार के हथियारों का प्रदर्शन करने, भड़काऊ सामग्री डालने या अपुष्ट सूचनाओं व अफवाहों को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कदम उठाए जाएंगे। बद्दी पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शांति व कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *