Khabron wala
ड्यूटी के दौरान अपना फर्ज निभाते हुए जान गंवाने वाले ज्वाली विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत अमलेला निवासी सब-इंस्पैक्टर राजेश कुमार तेजा को रविवार को उनके पैतृक गांव में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। अमलेला के श्मशानघाट पर जब पुलिस की टुकड़ी ने दिवंगत अधिकारी को अंतिम सलामी दी, तो वहां मौजूद गांव के सैंकड़ों लोगों की आंखें नम हो गईं। उनके असामयिक निधन से पुलिस विभाग सहित पूरे इलाके में मातम पसर गया है।
गौरतलब है कि शनिवार को चिंतपूर्णी के समीप भरवाईं चौक पर भारी ट्रैफिक जाम लग गया था। इसी जाम को खुलवाने और यातायात को नियंत्रित करने के दौरान सब-इंस्पेक्टर राजेश कुमार तेजा दो बसों की चपेट में आ गए थे। इस दर्दनाक सड़क हादसे में उन्होंने ड्यूटी के दौरान ही अपने प्राण त्याग दिए थे।
ईमानदार और मिलनसार अधिकारी के रूप में थी पहचान
राजेश कुमार तेजा पुलिस विभाग में अपनी कर्त्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और मिलनसार स्वभाव के लिए पहचाने जाते थे। उन्होंने कांगड़ा जिले के देहरा क्षेत्र में भी अपनी बेहतरीन सेवाएं दी थीं। उनके इस तरह अचानक चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे बुजुर्ग माता-पिता, धर्मपत्नी, एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि खाकी के प्रति उनका समर्पण और सेवाभाव हमेशा याद रखा जाएगा।
एक कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के दुखद निधन पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार और पूर्व विधायक अर्जुन ठाकुर ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को यह असहनीय दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।









