Khabron wala
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एक दर्दनाक कार हादसे में छह लड़कों की मौत हो गई। हादसा जिले के लडभड़ोल क्षेत्र में हुआ है। कार सड़क से अनियंत्रित होकर करीब 250 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में जान गंवाने वालों में कुछ नाबालिग भी बताए हैं।
जोगेंद्रनगर के सिमस क्षेत्र में मंगलवार रात को यह हादसा हुआ। हादसे का पता तब चला जब किसी व्यक्ति ने बुधवार को दोपहर बाद कार को खाई में गिरी देखी। इसके बाद रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। सभी लड़के 15 घंटे से लापता थे।
बताया जा रहा है कि लडभड़ोल बाजार में दुकान और अपना व्यवसाय चलाने वाले लोगों के यह बच्चे सिमस में किसी नामकरण समारोह में गए थे। वहां से वापस आते वक्त इनकी कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। मृतकों में कुछ नाबालिग भी हैं।
सीसीटीवी फुटेज में दुकान पर दिखे
बुधवार सुबह तक बच्चे घर नहीं पहुंचे तो स्वजन ने इनकी तलाश की। सीसीटीवी कैमरा में यह एक दुकान पर दिखे। इसके बाद दोपहर के समय क्षेत्र के व्यक्ति ने कार खाई में गिरी देखी। ऐसे में जब मौके पर पहुंचे तो छह के छह गाड़ी में ही पड़े थे।
अस्पताल पहुंचाने पर सभी मृत घोषित
मौके पर तुरंत 108 एंबुलेंस के जरिये सबको निकाला गया, लेकिन जब लडभड़ोल अस्पताल ले जाया गया तो सबको मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कररही है।
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। जवान बच्चों की मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सभी एक ही गांव के निवासी हैं।
मृतकों की पहचान
जानकारी के अनुसार मरने वालों में अधिकतर नाबालिग हैं। मृतकों की पहचान यशराय पुत्र रामलाल निवासी गांव सिमस, आयुष पुत्र विनोद कुमार निवासी गांव सिमस, पंकज पुत्र पराक्रम सिंह निवासी गांव गवाला, आदित्य पुत्र अजय कुमार निवासी गांव बलोटू, अर्नव पुत्र नरेंद्र कुमार निवासी गांव गवाला और नूजू पुत्र नवीन राय निवासी गांव सिमस के रूप में हुई है।
विधानसभा में जताया शोक, कार्यवाही की स्थगित
हिमाचल प्रदेश विधानसभा की कार्यवाही के दौरान जोगेंद्रनगर के विधायक प्रकाश राणा ने सदन को हादसे की जानकारी दी। सदन में सदस्यों ने हादसे पर गहरा शोक जताया और कार्यवाही कल के लिए स्थगित कर दी गई।











