ADVERTISEMENT

सिरमौर के नासिर मोहम्मद रावत बने हिमाचल प्रदेश वक्फ बोर्ड के चेयरमैन, सरकार ने जारी की अधिसूचना

Khabron wala

सिरमौर जिले के पांवटा साहिब क्षेत्र के मिश्रवाला निवासी नासिर मोहम्मद रावत को हिमाचल प्रदेश वक्फ बोर्ड का चेयरमैन नियुक्त किया गया है. प्रदेश सरकार के राजस्व विभाग ने उनकी नियुक्ति को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है. नासिर मोहम्मद रावत 13 नवंबर 2026 को हुए चुनाव में निर्विरोध चेयरमैन चुने गए थे. अब राजपत्र में नियुक्ति संबंधी अधिसूचना प्रकाशित होने के साथ ही उनका पदभार संभालने का रास्ता साफ हो गया है.

राजस्व विभाग की अधिसूचना के अनुसार, हिमाचल प्रदेश वक्फ नियम, 2017 के नियम 44 के तहत 13 नवंबर को शाम 6 बजे चेयरमैन पद के लिए चुनाव आयोजित किया गया था. इस चुनाव में नासिर मोहम्मद रावत निर्विरोध चुने गए. इसके बाद वक्फ अधिनियम, 1995 की धारा 14 और हिमाचल प्रदेश वक्फ नियम, 2017 के नियम 44 के तहत राज्यपाल ने उन्हें बोर्ड का चेयरमैन नियुक्त किया. अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि नियुक्ति राजपत्र में इसके प्रकाशन की तारीख से प्रभावी होगी. यह आदेश अतिरिक्त मुख्य सचिव (राजस्व) कमलेश कुमार पंत की ओर से जारी किया गया है।

हिमाचल प्रदेश वक्फ बोर्ड के गठन की प्रक्रिया के तहत इससे पहले मंगलवार को बोर्ड में 12 सदस्यों को नामित किया गया था. राज्यपाल ने राजस्व विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के माध्यम से इन सदस्यों का नामांकन किया था. इनमें मुस्लिम समुदाय से 11 सदस्य शामिल हैं, जबकि वक्फ मामलों को देखने वाले संयुक्त या अतिरिक्त सचिव को पदेन सदस्य के रूप में शामिल किया गया है. सभी सदस्यों का नामांकन तत्काल प्रभाव से लागू किया गया था.

बोर्ड में नामित 11 सदस्यों में हमीरपुर जिले के जान मोहम्मद, सन्नी खान और डॉ. कश्मीर खान शामिल हैं. चंबा से लियाकत अली, यासीन मोहम्मद भट्ट और अब्दुल गनी को जगह दी गई है. कांगड़ा जिले से सादिक खान और टिपू खान को सदस्य बनाया गया है. वहीं मंडी से गुलाम मोहम्मद मंकू और सेवानिवृत्त चीफ इंजीनियर परवेज अख्तर तथा बिलासपुर से सबरदीन को नामित किया गया है. इस तरह प्रदेश के पांच जिलों को वक्फ बोर्ड में प्रतिनिधित्व मिला है।

 

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *