Khabron wala
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के शिलाई क्षेत्र में बाइक सवार दो भाइयों पर गोली चलाकर एक की हत्या करने के मामले को पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है. पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर केस में आरोपी विनोद को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में हत्या के पीछे मृतक के बेटे द्वारा आरोपी की बहन को घर से भगाकर ले जाने की रंजिश सामने आई है. इसी रंजिश के चलते आरोपी ने कथित तौर पर सोची-समझी साजिश के तहत वारदात को अंजाम दिया.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को रविन्द्र सिंह, निवासी गांव क्यारटा पिपलटी, तहसील ददाहू ने पुलिस थाना शिलाई में शिकायत दर्ज करवाई थी. शिकायतकर्ता ने बताया कि 10 नवंबर की सुबह करीब 7:20 बजे वह अपने भाई खजान सिंह के साथ मोटरसाइकिल नंबर HP71A-4396 पर सवार होकर गांव चांदपुर धार से अपने घर क्यारटा पिपलटी लौट रहा था.
इसी दौरान कोटी उतरोऊ मोड़ के पास उसे धमाके जैसी आवाज सुनाई दी और पीछे बैठे उसके भाई खजान सिंह अचानक मोटरसाइकिल से नीचे गिर गए. रविन्द्र सिंह ने घर पहुंचकर अपने हेलमेट की जांच की तो उसके पिछले हिस्से में छेद मिला. हेलमेट के अंदर से चांदी रंग की धातु की एक गोली भी बरामद हुई. इसके अलावा उसके सिर और पीठ पर चोटें आई थीं. इसी बीच उसे सूचना मिली कि उसके भाई खजान सिंह की उपचार के दौरान मौत हो गई है. शिकायतकर्ता ने आशंका जताई कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने गोली चलाकर उसके भाई की हत्या की और उसे भी गोली लगने से चोटें आई हैं. शिकायत के आधार पर पुलिस थाना शिलाई में 11 नवंबर 2026 को अभियोग संख्या 67/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 109(1), 115(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया गया.
SIT ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सुलझाया मामला
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिरमौर और एसडीपीओ पांवटा साहिब ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. वहीं, घटनास्थल का वैज्ञानिक निरीक्षण करवाने के लिए एसएफएसएल जुन्गा की विशेषज्ञ टीम को भी बुलाया गया. मामले की गहन जांच के लिए एसपी ने डीएसपी मानवेन्द्र सिंह ठाकुर की अगुवाई में विशेष अन्वेषण दल (SIT) का गठन किया. इस टीम में थाना प्रभारी एसआई महिपाल सिंह, मुख्य आरक्षी विनोद कुमार, एचएचसी अजमेर अली, आरक्षी अनिल कुमार, आरक्षी राजेन्द्र सिंह, मुख्य आरक्षी रोहित कुमार, आरक्षी रोबिन कल्याण, आरक्षी नरेन्द्र चौहान और आरक्षी रोशन लाल को शामिल किया गया. पुलिस के अनुसार, टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, गुप्त सूचनाओं और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया और मामले की गुत्थी सुलझाने में सफलता हासिल की.
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने 18 नवंबर को मामले में आरोपी विनोद, निवासी गांव कथयाड़, तहसील शिलाई को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक के बेटे रोहित द्वारा उसकी बहन सुमन को घर से भगाकर ले जाने के कारण वह रंजिश रखता था. इसी रंजिश के चलते उसने कथित तौर पर सुनियोजित तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया. पुलिस के अनुसार, आरोपी को आज माननीय अदालत शिलाई में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा. मामले में आगामी अन्वेषण जारी है.










