इंटरनेशनल कुल्लू दशहरा उत्सव में स्टार कलाकार सतिंदर सरताज को सबसे अधिक 35.40 लाख रुपए का भुगतान किया गया. इसके अलावा प्ले बैक सिंगर सलमान अली को 10.65 लाख रुपए, प्ले बैक सिंगर काका को 10.50 लाख, ममता जोशी को 5.30 लाख रुपए का भुगतान किया गया. लोक कलाकारों में सबसे अधिक भुगतान डेढ़ लाख रुपए के तौर पर ठाकुर दास राठी को किया गया. मेले में कुल 286 देवी-देवताओं ने भगवान रघुनाथ के दरबार में हाजिरी भरी. उन्हें नजराने के तौर पर 76.65 लाख रुपए दिए गए. विदेशी मेहमानों सहित अन्य अतिथियों के लिए 24 होटलों के 366 कमरे बुक किए गए थे. इन कमरों का किराया 63.93 लाख रुपए से अधिक बना.
ये सारी जानकारी हिमाचल विधानसभा के शीतकालीन सत्र में आनी के विधायक लोकेंद्र कुमार की तरफ से पूछे गए सवाल के लिखित जवाब में सामने आई है. लोकेंद्र कुमार ने पांच हिस्सों में बंटे अपने सवाल में कलाकारों के भुगतान, देवताओं के नजराने, बजंतरियों के मानदेय, होटलों के खर्च सहित अन्य बिंदुओं पर जानकारी चाही थी. सभी सवालों का लिखित जवाब महकमे के मंत्री और राज्य के डिप्टी सीएम की तरफ से लिखित में दी गई.
इंटरनेशनल कुल्लू दशहरा उत्सव का आयोजन दशहरा समिति करती है. लोकेंद्र कुमार के सवाल के लिखित जवाब में बताया गया कि दशहरा उत्सव समिति को खर्च के लिए केंद्र व राज्य सरकार से कोई धनराशि प्राप्त नहीं हुई है. अक्टूबर माह में 21 से 27 तारीख तक चले इंटरनेशनल दशहरा उत्सव में 286 देवी-देवता शामिल हुए. उन्हें नजराने के तौर पर 76 लाख, 65 हजार, 598 रुपए भेंट किए गए. बजंतरियों को मानदेय के रूप में 65 लाख, 28 हजार, 192 रुपए की रकम प्रदान की गई. नजराने व मानदेय पर कुल खर्च 1.41 करोड़ रुपए से अधिक आया.
यदि स्टार कलाकार सतिंदर सरताज सहित अन्य विदेशी कलाकारों को किए गए भुगतान की बात की जाए तो सभी को मिलाकर 71.85 लाख रुपए दिए गए. विदेश से आए सांस्कृतिक दल को कोरियोग्राफी व प्रस्तुति के लिए दस लाख रुपए का भुगतान किया गया. लोकल कलाकारों की संख्या 357 रही, जिन्हें अन्य कुछ कलाकारों को मिलाकर कुल 81.74 लाख रुपए मंजूर किए गए.







