Khabron wala
जिला कांगड़ा के शाहपुर उपमंडल में धनोटू-ललेटा-बनुमहादेव सड़क मार्ग पर बन रहे निर्माणाधीन पुल के निर्माण कार्य में बड़ी लापरवाही सामने आई है. ये निर्माणाधीन पुल तैयार होने से पहले ही गिर गया. गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा पेश नहीं आया है.
दरअसल सोमवार रात क्षेत्र में हुई मूसलाधार बारिश के बाद गज खड्ड में अचानक आए तेज फ्लड ने भारी तबाही मचा दी. तेज बहाव की चपेट में आने से निर्माणाधीन पुल का एक बड़ा हिस्सा ढह गया. पुल गिरने पर लोगों ने निर्माण कार्य को लेकर सवाल उठाए हैं. करीब ढाई करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस 50 मीटर लंबे सिंगल लेन पुल का निर्माण कार्य लगभग आठ महीने पहले शुरू हुआ था. पुल का करीब 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका था और जल्द ही इसे अंतिम रूप दिया जाना था, लेकिन बेमौसमी बारिश और अचानक बढ़े जलस्तर ने फिनिशिंग से पहले ही निर्माण कार्य को भारी नुकसान पहुंचा दिया. राहत की बात यह रही कि पुल के मुख्य पिलर सुरक्षित बताए जा रहे हैं.
तेज बहाव में बही शटरिंग
जानकारी के अनुसार पुल की स्लैब चरणबद्ध तरीके से डाली जा रही थी और इसके लिए गज खड्ड में शटरिंग की गई थी. सोमवार रात भारी बारिश के कारण खड्ड में जलस्तर अचानक बढ़ गया. तेज बहाव के चलते शटरिंग के नीचे से सामग्री बह गई, जिससे निर्माणाधीन ढांचा क्षतिग्रस्त होकर ढह गया
लोक निर्माण विभाग मंडल शाहपुर के अधिशासी अभियंता नीरज जसवाल ने कहा कि ‘पुल निर्माण की गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी नहीं थी और समय-समय पर निर्माण सामग्री के सभी तकनीकी परीक्षण सफलतापूर्वक किए गए थे. ये हादसा पूरी तरह से अचानक आई भारी बारिश और जलस्तर बढ़ने की वजह से हुआ.’
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक अभी तक केवल पुल के पिलरों के निर्माण का ही भुगतान किया गया था, जो सुरक्षित हैं. पुल के ऊपरी ढांचे की कोई पेमेंट नहीं हुई थी. ऐसे में इस नुकसान का सीधा असर ठेकेदार पर पड़ा है और उसे भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा. विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों के अनुसार अब ठेकेदार को अपने खर्चे पर ही पुल का दोबारा निर्माण करवाना होगा. इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है, क्योंकि यह पुल क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग माना जा रहा था. हालांकि प्रशासन और लोक निर्माण विभाग को उम्मीद है कि जल्द ही दोबारा निर्माण कार्य शुरू कर संपर्क व्यवस्था बहाल की जाएगी.








