Khabron wala
जिला चम्बा के अंतर्गत आने वाले चुराह क्षेत्र में रविवार का दिन भारी तनाव और सनसनी लेकर आया। चम्बा-तीसा मुख्य मार्ग पर स्थित कल्हेल पुल के नीचे एक 26 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए सड़क पर चक्का जाम कर दिया, जिससे हालात काफी तनावपूर्ण हो गए।
पुल के नीचे शव दिया ताे मची अफरा-तफरी
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को स्थानीय लोगों ने कल्हेल पुल के नीचे एक युवक को अचेत और संदिग्ध अवस्था में पड़ा देखा। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। काफी मशक्कत और शिनाख्त के बाद मृतक की पहचान हरविन्द्र सिंह पुत्र ऋषि निवासी गांव राख मलोगा, डाकघर कल्हेल व तहसील चुराह के रूप में हुई।
युवा बेटे की मौत की मनहूस खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची, वे बदहवास हालत में घटनास्थल पर दौड़ पड़े। जवान बेटे का शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था, लेकिन जल्द ही यह दुख भारी आक्रोश में बदल गया। परिजनों ने इस मौत को सामान्य हादसा मानने से साफ इन्कार कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि हरविन्द्र की साजिश के तहत हत्या की गई है। आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग पर अड़े परिजनों ने मौके पर चक्का जाम कर दिया। इससे चम्बा-तीसा मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई।
सड़क पर उतरे आक्रोशित परिजनों को शांत करने के लिए पुलिस अधिकारियों को भारी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने उन्हें कड़ी कार्रवाई और मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया, लेकिन परिजन पुख्ता आश्वासन मिलने तक अपनी मांग पर डटे रहे। मामले की गंभीरता और परिजनों के आरोपों को देखते हुए पुलिस ने तुरंत घटनास्थल पर फोरैंसिक टीम को तलब किया। फोरैंसिक विशेषज्ञों ने मौके का बारीकी से निरीक्षण कर अहम साक्ष्य जुटाए हैं, जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा जा रहा है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल, पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की हर एंगल से गहन जांच की जा रही है और पुलिस का दावा है कि यदि इस घटना में किसी की संलिप्तता पाई गई, तो उसे कतई बख्शा नहीं जाएगा।









