Khabron wala
जिला के ठमाणी क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया. नेशनल हाईवे-103 पर ट्राला जीप और ट्रक के बीच हुई जोरदार टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है. मृतक अपने परिवार का इकलौता बेटा था, जिससे परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. जानकारी के अनुसार हादसा मंगलवार देर रात करीब एक बजे हुआ. तीन युवक ट्राला जीप में सवार होकर दूध की सप्लाई लेने के लिए बिलासपुर जा रहे थे.
जीप को हमीरपुर के धनवीं का रहने वाला लवेश पटियाल चला रहा था. उसके साथ उसका भाई शौर्य पटियाल और उनका दोस्त रोहित भी मौजूद था. बताया जा रहा है कि ठमाणी के पास चालक ने आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया. इसी दौरान सामने से एक अन्य वाहन आ गया. अचानक सामने वाहन आने से चालक घबरा गया और ट्राला जीप सीधे ट्रक के बीच में जा घुसी. टक्कर इतनी भीषण थी कि जीप के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.
गहरे सदमे में परिवार
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया. इसके बाद तीनों युवकों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर पहुंचाया गया. अस्पताल में उपचार के दौरान रोहित ने दम तोड़ दिया, जबकि लवेश पटियाल और शौर्य पटियाल का इलाज जारी है. चिकित्सकों के अनुसार दोनों घायल युवकों की हालत पर नजर रखी जा रही है. पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया और बाद में परिजनों को सौंप दिया. शव घर पहुंचते ही गांव में मातम का माहौल बन गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. बताया जा रहा है कि मृतक परिवार का इकलौता बेटा था, जिसके चलते परिवार गहरे सदमे में है.
पुलिस अधीक्षक हमीरपुर बलवीर सिंह ठाकुर ने कहा कि ‘सड़क दुर्घटना में एक युवक की मृत्यु हुई है तथा दो घायल हैं. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और गलत तरीके से ओवरटेक करना हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.’












