ADVERTISEMENT

कुल्लू के आनी में सड़क हादसा, 4 लोगों की मौत; CM सुक्खू ने जताया दुख

Khabron wala

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शनिवार को कुल्लू जिले के आनी क्षेत्र में एक दुखद दुर्घटना में चार लोगों की मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने इस दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की। उन्होंने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने और घायलों के लिए बेहतर चिकित्सा देखभाल सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

बता दें कि कुल्लू जिले के आनी उपमंडल में शनिवार को तेज आंधी के दौरान चीड़ का एक बड़ा पेड़ एक वाहन पर गिर गया, जिस वजह से चार स्कूली शिक्षिकाओं की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, पिछले एक सप्ताह से आनी क्षेत्र में तेज हवाएं चल रही हैं। घटना के समय ‘बोलेरो’ (एचपी 01के-4621) में छह शिक्षिका और एक चालक समेत कुल सात लोग सवार थे, जो स्कूल से लौट रहे थे। हादसा शाम करीब पांच बजे शमशर-गुगरा सड़क पर बाली ओल के पास हुआ, जब अचानक आई आंधी के कारण चीड़ का पेड़ टूटकर सड़क पर चलती गाड़ी पर गिर गया। इसके बाद पेड़ और वाहन दोनों खाई में जा गिरे। स्थानीय लोगों ने सभी सातों लोगों को वाहन से बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से आनी अस्पताल पहुंचाया। बाद में आनी पुलिस ने भी बचाव कार्य में सहायता की। मृतकों की पहचान स्नेहलता, बंटी, उषा और सीमा के रूप में हुई है, जो आसपास के क्षेत्रों की रहने वाली थीं।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!