ADVERTISEMENT

कालाअंब के उद्योगों को चाहिए सुरक्षा और बेहतर कनेक्टिविटी, दिल्ली बैठक में मंथन, अखिल महेश्वरी ने उठाईं ये 3 अहम मांगें

Khabron wala

जिला सिरमौर के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब की बुनियादी सुविधाओं से जुड़े 3 अहम मुद्दे दिल्ली में हुई महत्वपूर्ण बैठक में प्रमुखता से उठे। लघु उद्योग भारती कालाअंब इकाई के अध्यक्ष एवं युवा उद्योगपति अखिल महेश्वरी ने औद्योगिक क्षेत्र में आधुनिक अग्निशमन सुविधाओं को मजबूत करने, खराब सड़क और जलभराव की समस्या दूर करने तथा कालाअंब को रेल नेटवर्क से जोड़ने की मांग रखी।

इंडिया हैबिटेट सेंटर नई दिल्ली में सीआईआई (भारतीय उद्योग परिसंघ) की ओर से आयोजित बैठक में हमीरपुर से सांसद अनुराग ठाकुर, शिमला से सांसद सुरेश कश्यप, कांगड़ा से सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज, राज्यसभा सदस्य अनुराग शर्मा, सीआईआई हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष संजय सूरी सहित कई प्रमुख प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक में कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र की मौजूदा स्थिति, उद्योगों की जरूरतों और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।

अखिल महेश्वरी ने हाल ही में कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र की एक औद्योगिक इकाई में हुए भीषण अग्निकांड का मुद्दा उठाते हुए कहा कि क्षेत्र में फायर स्टेशन तो है, लेकिन बड़ी औद्योगिक आग से निपटने के लिए मौजूदा व्यवस्था को आधुनिक उपकरणों और पर्याप्त संसाधनों से मजबूत करने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि बड़ी आग लगने की स्थिति में कई बार यमुनानगर, नारायणगढ़ और अंबाला जैसे पड़ोसी क्षेत्रों से अतिरिक्त दमकल वाहन मंगवाने पड़ते हैं। बाहरी क्षेत्रों से फायर टेंडर पहुंचने में लगने वाला समय आपात स्थिति में काफी अहम होता है और इस दौरान आग से होने वाला नुकसान बढ़ सकता है।

उन्होंने कालाअंब में आधुनिक तकनीक से लैस और पर्याप्त क्षमता वाली अग्निशमन व्यवस्था विकसित करने की मांग की, ताकि औद्योगिक दुर्घटना की स्थिति में तत्काल कार्रवाई हो सके और जान-माल के साथ औद्योगिक संपत्तियों को होने वाले नुकसान को कम किया जा सके।

बरसात में सड़क और जलभराव बढ़ा रहे परेशानी

बैठक में कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र से त्रिलोकपुर और आसपास के क्षेत्रों को जोड़ने वाली मुख्य सड़क की खराब स्थिति का मुद्दा भी उठाया गया। अखिल महेश्वरी ने कहा कि बरसात के दौरान इस मार्ग पर जलभराव की समस्या गंभीर हो जाती है। इससे उद्योगों में आने-जाने वाले वाहनों के साथ स्थानीय लोगों और कामगारों को भी परेशानी होती है। उन्होंने सड़क की मरम्मत और सुधार के साथ जल निकासी की बेहतर व्यवस्था करने की मांग की, ताकि बारिश के दौरान यातायात प्रभावित न हो और औद्योगिक गतिविधियां सुचारू रूप से चलती रहें।

अखिल महेश्वरी ने कालाअंब को रेल नेटवर्क से जोड़ने की मांग को भी प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि कालाअंब प्रदेश के महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्रों में शामिल है। ऐसे में रेल कनेक्टिविटी मिलने से उद्योगों के लिए कच्चा माल मंगाना और तैयार उत्पादों को दूसरे बाजारों तक पहुंचाना आसान होगा। रेल सुविधा से परिवहन समय और लागत दोनों कम हो सकते हैं। इसका सीधा लाभ उद्योगों को मिलने के साथ स्थानीय जनता और औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले मजदूरों को भी बेहतर आवागमन सुविधा के रूप में मिलेगा।

मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर से बढ़ेंगे निवेश और रोजगार

अखिल महेश्वरी ने कहा कि कालाअंब में बड़ी संख्या में औद्योगिक इकाइयां संचालित हैं। ऐसे में नए निवेश को आकर्षित करने और मौजूदा उद्योगों को सुचारू रूप से चलाने के लिए सड़क, अग्निशमन और रेल जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर विकसित किया जाता है तो इससे केवल उद्योगों को ही फायदा नहीं होगा, बल्कि क्षेत्र में रोजगार, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। बैठक में कालाअंब से जुड़े इन तीनों प्रमुख मुद्दों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!