लाखों अभ्यर्थियों को लंबे इंतजार के बाद मिली राहत, HPSSC की रद्द की गईं भर्ती परीक्षाओं के आवेदन शुल्क लौटाएगी हिमाचल सरकार

Khabron wala 

हिमाचल प्रदेश सरकार ने हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग (एचपीएसएससी) की 2022 में निकाली गई 80 श्रेणियों की भर्तियां रद्द होने के बाद 3.41 लाख से अधिक अभ्यर्थियों को 4.27 करोड़ रुपये का आवेदन शुल्क लौटाने का फैसला किया है। एक अधिकारी ने गुरूवार को यह जानकारी दी। इन भर्तियों को पहले एचपीएसएससी ने रद्द कर दिया था। भर्ती परीक्षाओं में प्रश्नपत्र लीक के आरोपों के बाद आयोग को भी भंग कर दिया गया। उसकी जगह अब हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग का गठन किया गया है।

सरकारी प्रवक्ता ने बताया, ”राज्य सरकार ने 3,41,742 अभ्यर्थियों को कुल 4.27 करोड़ रुपये का आवेदन शुल्क वापस करने का निर्णय लिया है।” उन्होंने बताया कि 2022 में एचपीएसएससी ने 1,423 पदों के लिए विज्ञापन जारी किए थे, जिनके लिए कुल 3,41,742 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। राज्य मंत्रिमंडल ने अब संबंधित सभी विज्ञापनों को वापस लेने और प्रभावित अभ्यर्थियों को आवेदन शुल्क लौटाने की मंजूरी दे दी है। एचपीएसएससी में भर्ती परीक्षाओं ओएमआर (ऑप्टिकल मार्क रिकॉग्निशन) शीट का इस्तेमाल करता था। सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों से 360 रुपये, जबकि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस), आईआरडीपी तथा दिव्यांग अभ्यर्थियों से 120 रुपये आवेदन शुल्क लिया जाता था। महिला अभ्यर्थियों और पूर्व सैनिकों को शुल्क से छूट प्राप्त थी।

इस बीच, अभ्यर्थी विभिन्न विभागों में रिक्त सैकड़ों पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग कर रहे हैं। हालांकि सरकार ने पुराने विज्ञापन रद्द करने और आवेदन शुल्क लौटाने को मंजूरी दे दी है, लेकिन इन पदों पर नयी भर्ती प्रक्रिया कब शुरू होगी, इस बारे में अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!