ADVERTISEMENT

नाहन में HRTC की बस से टकराई बाइक, युवक की मौके पर गई जान; दूसरा गंभीर, हादसा CCTV में कैद

Khabron wala 

शहर के गोविंदगढ़ मोहल्ला में शनिवार की शाम हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस और बाइक के बीच हुई जोरदार टक्कर में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान विक्रम सिंह उर्फ विक्की पुत्र जस्सा सिंह निवासी गोविंदगढ़ मोहल्ला नाहन के रूप में हुई है।

हादसा नाहन-पांवटा साहिब रूट पर पेश आया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एक बाइक मोहल्ला गोविंदगढ़ की तरफ से दिल्ली गेट की तरफ आ रही थी, जबकि हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस दिल्ली गेट की ओर से बस स्टैंड जा रही थी। गोविंदगढ़ मोहल्ले में पहुंचते ही बाइक ने आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक किया। इसी बीच सामने से आ रही निगम की बस से बाइक की टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार विक्रम सिंह की मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक सोहन निवासी नाहन को गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को उपचार के लिए तत्काल डॉ. वाईएस परमार राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन पहुंचाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया है

हादसे की ये पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में निगम की बस और बाइक के बीच जबरदस्त टक्कर दिखाई दे रही है। पुलिस ने CCTV फुटेज को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम और अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस आगामी कार्रवाई में जुटी है।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *