Khabron wala
हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां पर एक की हत्या कर दी गई है। युवक की हत्या करने के बाद उसकी लाश को चनालमाजरा इलाके के एक छोटे तालाब में फेंक दिया गया। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है।
28 सितंबर से लापता था मुकेश
पुलिस के मुताबिक, बिहार निवासी उमेश कुमार ने 30 सितंबर को अपने भाई मुकेश कुमार के लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई थी। उन्होंने बताया कि मुकेश 28 सितंबर की शाम अपने कुछ साथियों के साथ घर से बाहर गया था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। काफी तलाश करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला।
शिकायत मिलने के बाद मानपुरा थाना पुलिस ने मुकेश की तलाश शुरू की। इसी दौरान चनालमाजरा इलाके में एक छोटे तालाब से उसका शव बरामद हुआ। पुलिस ने जब शव की जांच की तो शरीर पर चोट के निशान मिले। इसके बाद पुलिस को हत्या का शक हुआ और मामले में हत्या की धारा जोड़कर जांच शुरू की गई।
महाराष्ट्र में छिपे थे चारों आरोपी
मामले की जांच के लिए पुलिस की विशेष टीम बनाई गई। जांच के दौरान मानपुरा थाना पुलिस को आरोपियों के महाराष्ट्र में होने की जानकारी मिली। इसके बाद महाराष्ट्र पुलिस की मदद से जलगांव के शनिपेठ थाना क्षेत्र से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजीत कुमार (19), गोगल मुखिया उर्फ रोशन (21), चंदन कुमार (22) और संतोष कुमार (24) के रूप में हुई है। चारों आरोपी बिहार के अलग-अलग गांवों के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पहले जलगांव कोर्ट में पेशी, फिर नालागढ़ से मिला रिमांड
बद्दी पुलिस ने चारों आरोपियों को पहले जलगांव की अदालत में पेश किया और उनका ट्रांजिट रिमांड लिया। इसके बाद आरोपियों को ACJM नालागढ़ की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने चारों को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस अब रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मुकेश की हत्या क्यों की गई, वारदात में किसकी क्या भूमिका थी और हत्या से जुड़े अन्य सबूत कहां हैं।
DSP कर रहे मामले की निगरानी
DSP बद्दी योगराज चंदेल मामले की जांच की लगातार समीक्षा कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों को उपलब्ध सबूतों के आधार पर निष्पक्ष और गहराई से जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल पुलिस पूछताछ के बाद ही हत्या की असली वजह और वारदात से जुड़े बाकी तथ्यों का पता चल पाएगा।









