Khabron wala
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पर एक विवाहिता को जबरन जहरीला पदार्थ पिलाया गया। पीड़िता की हालत नाजुक बनी हुई है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने पीड़िता की बहन की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति और सास के विरुद्ध मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
संतान ना होने पर देते थे ताने
जानकारी के मुताबिक, मामला हरोली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव कांटे का है। पुलिस को दिए बयान में पीड़िता अमनदीप कौर की बहन मनदीप कौर ने गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के अनुसार, अमनदीप की शादी करीब 12 साल पूर्व रणजीत सिंह के साथ हुई थी। संतान सुख से वंचित होने के कारण पति रणजीत सिंह और सास तरसेम कौर उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। शिकायतकर्ता का दावा है कि दो-तीन दिन पहले भी पीड़िता के साथ मारपीट हुई थी। इसके बाद महिला पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कराई गई थी।
जांच में जुटी पुलिस
वहीं, घटना वाले दिन का विवरण देते हुए मनदीप कौर ने बताया कि उसे सूचना मिली थी कि अमनदीप के साथ फिर से मारपीट की जा रही है। जब वह अपनी बहन के घर पहुंची, तो उसने अमनदीप को बरामदे में बदहवास हालत में पाया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसके पति और सास ने मिलकर उसे अनाज (कनक) में डालने वाली जहरीली दबाई जबरन पिलाई गई हैं। अमनदीप के चेहरे पर दवाई के स्पष्ट निशान भी देखे गए। इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। डीएसपी हरोली मोहन रावत ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़िता की बहन की शिकायत के आधार पर आरोपी पति और सास के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।












